यूपी की बेटियों के लिए खुशखबरी! सभी जिलों में लागू हुई नई योजना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बालिकाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रदेश में 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। इस पहल का उद्देश्य लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।

बता दें की यह विशेष टीकाकरण अभियान निर्धारित समयसीमा के तहत चलाया जा रहा है और 15 मई तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो सके।

25 लाख बालिकाओं को मिलेगा लाभ

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत प्रदेश की लगभग 25 लाख बालिकाओं को कवर किया जाएगा। यह टीका उन्हें भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाने में मदद करेगा। यह योजना पूरे राज्य के सभी जिलों में लागू कर दी गई है।

स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों पर होगा टीकाकरण

टीकाकरण की व्यवस्था प्रदेश के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, विद्यालयों और मदरसों में की गई है। इससे अधिक से अधिक बालिकाओं तक इस सुविधा को पहुंचाना आसान होगा। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि टीकों के रखरखाव के लिए कोल्ड चेन का विशेष ध्यान रखा जाए।

एक बार लगेगा टीका, सप्ताह में चार दिन होंगे सत्र

इस अभियान में ‘गार्डासिल-4’ नाम का टीका लगाया जा रहा है, जो केवल एक बार दिया जाएगा। इसे बाएं हाथ के ऊपरी हिस्से में लगाया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में प्रभावी माना जाता है। टीकाकरण के लिए सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को सत्र आयोजित किए जाएंगे। ये सत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेंगे, जिससे अधिक से अधिक बालिकाएं इसमें भाग ले सकें।

0 comments:

Post a Comment