शहरों के विस्तार को मिलेगी रफ्तार
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए शहरों का योजनाबद्ध विस्तार जरूरी है। इसके लिए साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और नए शहरी क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जो भी शहरी नक्शे तैयार किए जा रहे हैं, उन्हें डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया जाए ताकि आम लोग भी आसानी से जानकारी हासिल कर सकें।
हर जिले में हवाई संपर्क की योजना
मुख्यमंत्री ने राज्य में हवाई संपर्क को मजबूत करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी जिलों में हवाई अड्डों के विकास के लिए एक ठोस योजना तैयार की जाए। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और राज्य में निवेश के नए अवसर खुलेंगे।
एरोसिटी प्रोजेक्ट से बदलेगी तस्वीर
राज्य में एरोसिटी विकसित करने की योजना पर भी तेजी से काम करने की बात कही गई है। इसके तहत प्रमुख हवाई अड्डों के आसपास कमर्शियल कॉम्पलेक्स, होटल, लॉजिस्टिक पार्क, पर्यटन सुविधाएं जैसी आधुनिक संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सांस्कृतिक धरोहर पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जिले की सांस्कृतिक धरोहरों की पहचान की जाए और उन्हें पर्यटन से जोड़ा जाए। इसके साथ ही, पर्यटकों को आसान तरीके से जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी मजबूत की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में हुए विकास कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर ब्रांडिंग की जानी चाहिए।
तकनीक का बढ़ेगा इस्तेमाल
बैठक में आधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों का इस्तेमाल रियल टाइम मॉनिटरिंग के लिए किया जाए, जिससे योजनाओं की प्रगति पर नजर रखी जा सके और काम में पारदर्शिता बनी रहे।

0 comments:
Post a Comment