योगी कैबिनेट के 12 बड़े फैसले, यूपीवासियों के लिए खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी है। यह बैठक राज्य के विकास, प्रशासनिक सुधार और जनहित से जुड़े कई बड़े प्रस्तावों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। कुल 12 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनका सीधा असर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी विकास तक देखने को मिलेगा।

पंचायत चुनाव में OBC आरक्षण को लेकर बड़ा फैसला

यूपी सरकार ने 'समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग' के गठन को मंजूरी दे दी है। यह आयोग पंचायतों में OBC आरक्षण का सही अनुपात तय करने के लिए सर्वे करेगा। आयोग की रिपोर्ट के आधार पर ही ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत की सीटों का आरक्षण तय किया जाएगा। आयोग का कार्यकाल छह महीने का होगा और इसकी अध्यक्षता एक सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीश करेंगे।

लखनऊ और आगरा मेट्रो विस्तार को हरी झंडी

राज्य सरकार ने लखनऊ और आगरा मेट्रो के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है। लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (फेज-1बी) के लिए केंद्र सरकार के साथ समझौता होगा। आगरा मेट्रो के दूसरे कॉरिडोर के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दी गई है। इससे दोनों शहरों में मेट्रो नेटवर्क तेजी से विस्तार करेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

मिर्जापुर में 2799 करोड़ की बिजली परियोजना

बिजली आपूर्ति को मजबूत करने के लिए सरकार ने 765/400 केवी मिर्जापुर पूलिंग उपकेंद्र और ट्रांसमिशन लाइनों के निर्माण को मंजूरी दी है। करीब 2799 करोड़ रुपये की इस परियोजना से प्रदेश में बिजली की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और निरंतरता में सुधार होगा। यह परियोजना घरेलू, औद्योगिक और वाणिज्यिक सभी उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद साबित होगी।

लोहिया संस्थान में 1010 बेड का बड़ा अस्पताल

लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 1010 बेड का मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर बनाने की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना में नया अस्पताल, ओपीडी ब्लॉक और शिक्षण ब्लॉक शामिल होगा, जिससे चिकित्सा शिक्षा और इलाज दोनों को मजबूती मिलेगी।

मिर्जापुर में नए निजी विश्वविद्यालय को मंजूरी

सरकार ने मिर्जापुर में 'सरदार पटेल एपेक्स यूनिवर्सिटी' की स्थापना को भी मंजूरी दी है। यह विश्वविद्यालय ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 50 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा।इससे स्थानीय छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्र में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

प्रयागराज के SRN अस्पताल का विस्तार

प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल (SRN) के विस्तार के लिए भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दी गई है। यह अस्पताल पहले से ही पूरे मंडल का प्रमुख टर्शियरी केयर सेंटर है, जहां आसपास के जिलों और मध्य प्रदेश से भी मरीज आते हैं।

पशु चिकित्सा छात्रों को बड़ी राहत

सरकार ने पशु चिकित्सा विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के इंटर्नशिप भत्ते में बड़ा इजाफा किया है। अब छात्रों को पहले के 4,000 रुपये की जगह 12,000 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इस फैसले से मथुरा, अयोध्या और मेरठ स्थित पशु चिकित्सा एवं कृषि विश्वविद्यालयों के छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment