यूपी में बिछेगी नई रेल लाइन, 5 जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल और तराई क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित खलीलाबाद-बहराइच नई रेल लाइन परियोजना अब तेजी से आगे बढ़ रही है। यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना संतकबीरनगर से लेकर बहराइच तक लगभग 240 किलोमीटर लंबी होगी, जिससे प्रदेश के पांच जिलों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। रेलवे कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और रोजगार को भी नया बढ़ावा मिलेगा।

42 साल बाद सपना हो रहा साकार

इस रेल परियोजना की कहानी काफी पुरानी है। पहली बार वर्ष 1977 में इस रूट का सर्वे कराया गया था, लेकिन मंजूरी मिलने में चार दशक से अधिक का समय लग गया। आखिरकार केंद्र सरकार ने वर्ष 2018 में इस परियोजना को स्वीकृति देते हुए करीब 4939 करोड़ रुपये का बजट जारी किया। इसके बाद 2019 में परियोजना का शिलान्यास हुआ और अब निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

इन 5 जिलों को मिलेगा बड़ा लाभ

नई रेल लाइन संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जिलों से होकर गुजरेगी। परियोजना के तहत कुल 32 छोटे-बड़े रेलवे स्टेशन और हाल्ट बनाए जाएंगे।

यह रेल मार्ग-

संतकबीरनगर के 54 गांव,

सिद्धार्थनगर के 93 गांव,

बलरामपुर के 65 गांव,

श्रावस्ती के 30 गांव,

और बहराइच के 19 गांवों से होकर निकलेगा। इससे ग्रामीण इलाकों के लोगों को पहली बार बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी।

पहले चरण का काम तेजी से जारी

परियोजना के पहले चरण में खलीलाबाद से बांसी तक करीब 54 किलोमीटर रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इस हिस्से में कार्य तेजी से चल रहा है। रेल लाइन के लिए हजारों किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया गया है और उन्हें मुआवजा भी दिया जा रहा है। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, आने वाले महीनों में निर्माण कार्य और तेज किया जाएगा ताकि परियोजना तय समय में पूरी हो सके।

पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

इस रेल लाइन का सबसे बड़ा फायदा धार्मिक और पर्यटन स्थलों को मिलेगा। नई रेल कनेक्टिविटी से बौद्ध तीर्थ स्थल श्रावस्ती और प्रसिद्ध देवी पाटन मंदिर तक पहुंचना आसान हो जाएगा। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ सकती है। साथ ही, रेलवे लाइन बनने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

0 comments:

Post a Comment