बिहार में बनेगी 6 नई सड़कें, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए केंद्र सरकार की कई बड़ी सड़क और पुल परियोजनाएं चर्चा में हैं। राज्य में कुल 6 प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार है, जिनकी कुल अनुमानित लागत लगभग ₹42,842 करोड़ बताई जा रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बिहार की सड़क कनेक्टिविटी, व्यापार और यात्रा व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

पटना का सरिस्ताबाद-दीदारगंज एलिवेटेड रोड

पटना में न्यू बायपास पर 17 किलोमीटर लंबा 6-लेन एलिवेटेड रोड प्रस्तावित है। यह परियोजना सरिस्ताबाद से दीदारगंज तक जाएगी। इसके बनने से राजधानी में ट्रैफिक जाम की समस्या में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, खासकर घनी आबादी वाले क्षेत्रों में।

वाराणसी-रांची-कोलकाता ग्रीनफील्ड कॉरिडोर

यह सिक्स-लेन कॉरिडोर बिहार के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और गया जैसे जिलों से होकर गुजरेगा। यह प्रोजेक्ट 4 राज्यों के 15 जिलों को जोड़ता है और क्षेत्र में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में सक्षम माना जा रहा है।

मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा 4-लेन रोड

करीब 90 किलोमीटर लंबी यह सड़क परियोजना सीतामढ़ी के पुनौराधाम और नेपाल बॉर्डर तक पहुंच को आसान बनाएगी। इसके बनने से धार्मिक और अंतरराष्ट्रीय यात्रा दोनों को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही व्यापारिक गतिविधियों में भी सुधार होगा।

बेतिया-सेवरही घाट पुल परियोजना

यह परियोजना उत्तर बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगी। अभी जहां दूरी लगभग 160 किलोमीटर है, वहीं पुल बनने के बाद यह घटकर लगभग 29 किलोमीटर रह जाएगी। इससे समय और ईंधन दोनों की बड़ी बचत होगी।

खगड़िया-पूर्णिया 4-लेन हाईवे

लगभग 144 किलोमीटर लंबा यह नेशनल हाईवे करीब ₹4000 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। इस मार्ग में कई पुल, आरओबी और टोल प्लाजा शामिल हैं। यह सड़क पूर्वोत्तर राज्यों से कनेक्टिविटी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी।

पटना-पूर्णिया एक्सप्रेसवे

बिहार का पहला 6-लेन एक्सप्रेसवे लगभग 245 किलोमीटर लंबा होगा, जिसकी अनुमानित लागत ₹28,416 करोड़ है। यह पटना को सीधे सीमांचल से जोड़ेगा और राज्य की सबसे बड़ी सड़क परियोजनाओं में से एक है। इस मार्ग पर 20 से अधिक नदियों पर पुल भी बनाए जाएंगे।

0 comments:

Post a Comment