योगी सरकार में विभागों का बंटवारा, जानिए किस मंत्री को मिला कौन सा मंत्रालय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आखिरकार नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी कर दिया गया है। शपथ ग्रहण के सात दिन बाद सरकार ने सभी नए मंत्रियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सिफारिश पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मंत्रालयों के आवंटन को मंजूरी दे दी है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।

भूपेंद्र चौधरी को मिला अहम विभाग

सरकार में वापसी करने वाले वरिष्ठ नेता भूपेंद्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह विभाग प्रदेश में छोटे उद्योगों, रोजगार और व्यापार को बढ़ावा देने से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग माना जाता है। वहीं समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति विभाग दिया गया है।

स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों की जिम्मेदारी

सरकार ने पहले से कार्यरत दो राज्य मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार देकर नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। अजीत सिंह पाल को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। वहीं सोमेंद्र तोमर को राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल विभाग की जिम्मेदारी मिली है। सरकार का मानना है कि इन मंत्रियों के पिछले कार्यकाल का प्रदर्शन अच्छा रहा है, इसलिए उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।

विभागों में अन्य मंत्रियों को मिले ये विभाग

कृष्णा पासवान को पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया है। कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सुरेंद्र दिलेर को आय विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा हंसराज विश्वकर्मा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग में राज्य मंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।

10 मई को हुआ था प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार

बीते दिनों राजधानी लखनऊ में योगी सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया था। इस दौरान कई नए चेहरों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी। सरकार ने सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में बदलाव किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विभागों के इस बंटवारे से सरकार आने वाले समय में विकास योजनाओं और संगठनात्मक संतुलन को मजबूत करने की कोशिश करेगी।

0 comments:

Post a Comment