पुलिसकर्मियों के लिए 5 बड़ी खुशखबरी
1. सभी 40 पुलिस लाइन में खुलेंगे स्कूल और अस्पताल
बिहार सरकार राज्य की सभी 40 पुलिस लाइनों में स्कूल और अस्पताल शुरू करने की तैयारी कर रही है। गृह विभाग ने इस योजना को लेकर पुलिस मुख्यालय से विस्तृत प्रस्ताव मांगा है। प्रस्ताव मिलते ही इस पर काम शुरू किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराना है।
2. पुलिस बच्चों के लिए हाई लेवल स्कूल
डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि पुलिसकर्मियों के बच्चों के लिए आधुनिक और उच्चस्तरीय विद्यालय खोलने की योजना तैयार की गई है। इन स्कूलों में लगभग एक हजार बच्चों के पढ़ने की क्षमता होगी। सरकार चाहती है कि पुलिस परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण मिल सके।
3. पुलिस अस्पतालों को मिलेगा PHC का दर्जा
राज्य के विभिन्न जिलों में मौजूद पुलिस अस्पतालों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का दर्जा देने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है। इससे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। सरकार का मानना है कि स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होने से पुलिस बल का मनोबल भी बढ़ेगा।
4. बीमा और मेडिकल सुविधाओं में बड़ा सुधार
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि अब दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों को पहले की तुलना में कहीं अधिक आर्थिक सहायता दी जा रही है। यह राशि बढ़कर करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा 900 से अधिक लंबित मेडिकल क्लेम मामलों का निपटारा किया गया है और पुलिसकर्मियों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है।
5 .गंभीर रूप से बीमार पुलिसकर्मियों को राहत
सरकार गंभीर रूप से बीमार पुलिसकर्मियों के लिए नई ट्रांसफर नीति पर भी विचार कर रही है। इसके तहत ऐसे कर्मचारियों को तीन महीने के भीतर सुविधाजनक स्थान पर पोस्टिंग देने की योजना बनाई जा रही है।

0 comments:
Post a Comment