बिहार में बन रहा 124 किमी सड़क, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुंगेर से भागलपुर होते हुए मिर्जा चौकी तक बन रही 124.41 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। सरकार और एनएचएआई की ओर से दावा किया गया है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का निर्माण कार्य जून 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।

डेढ़ से दो घंटे में पूरा होगा सफर

अभी मुंगेर से मिर्जा चौकी तक पहुंचने में लोगों को चार से पांच घंटे तक का समय लग जाता है। खराब सड़क, जाम और धीमी आवाजाही के कारण यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। लेकिन नई फोरलेन सड़क शुरू होने के बाद यही दूरी महज डेढ़ से दो घंटे में पूरी की जा सकेगी। इससे आम लोगों के साथ-साथ व्यापारियों और ट्रांसपोर्ट सेक्टर को भी बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।

3792 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना

इस ग्रीनफील्ड फोरलेन सड़क परियोजना की शुरुआत वर्ष 2022 में की गई थी। इसे चार अलग-अलग पैकेज में बांटकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। परियोजना पर कुल 3792 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, पैकेज-1, पैकेज-2, पैकेज-3 और पैकेज-4 में तेजी से काम चल रहा है और अधिकांश हिस्सों में निर्माण अंतिम दौर में पहुंच चुका है।

इन इलाकों को मिलेगा सीधा फायदा

नई सड़क बनने के बाद मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, घोघा, कहलगांव, पीरपैंती और मिर्जा चौकी जैसे इलाकों के बीच कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी। इससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों का समय बचेगा और परिवहन आसान होगा। साथ ही यह सड़क क्षेत्र में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगी।

टू-लेन सड़क का काम भी जल्द होगा पूरा

फोरलेन सड़क के साथ-साथ भागलपुर से मिर्जा चौकी तक बन रही टू-लेन विद पेव्ड शोल्डर सड़क का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अगले दो महीनों में इसका काम भी पूरा हो जाएगा। इस सड़क के बनने से स्थानीय लोगों को जाम और खराब सड़क की समस्या से राहत मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment