8वें वेतन आयोग पर कर्मचारियों की नजर, इन 7 बड़े बदलावों की उठी मांग

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की नजर अब 8वें वेतन आयोग पर टिकी हुई है। नवंबर 2025 में 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन के बाद से ही कर्मचारियों के बीच उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि शुरुआत में चर्चा सिर्फ फिटमेंट फैक्टर और सैलरी बढ़ोतरी को लेकर थी, लेकिन अब कर्मचारियों की मांगें इससे कहीं आगे निकल चुकी हैं।

1 .भत्तों में बड़े बदलाव की मांग

सरकारी कर्मचारियों का कहना है कि केवल बेसिक सैलरी बढ़ने से पूरी राहत नहीं मिलेगी। लगातार बढ़ती महंगाई के कारण हाउस रेंट अलाउंस (HRA), ट्रांसपोर्ट अलाउंस, बच्चों की शिक्षा भत्ता और कठिन क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को मिलने वाले विशेष भत्तों में भी संशोधन जरूरी हो गया है।

2 .पेंशन व्यवस्था में सुधार की मांग

रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए पेंशन सबसे अहम मुद्दों में शामिल है। पेंशनर्स संगठन चाहते हैं कि पेंशन तय करने की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समान हो। फैमिली पेंशन, कम्यूटेशन और अलग-अलग वेतन आयोगों के कारण बने पेंशन अंतर को खत्म करने की मांग भी तेजी से उठ रही है।

3 .प्रमोशन में देरी खत्म करने की मांग

कई सरकारी विभागों में कर्मचारियों को वर्षों तक प्रमोशन नहीं मिल पाता। इससे कर्मचारियों की करियर ग्रोथ प्रभावित होती है और कामकाज में निराशा बढ़ती है। कर्मचारी संगठन चाहते हैं कि 8वां वेतन आयोग समय पर प्रमोशन, कैडर रीस्ट्रक्चरिंग और स्टैगनेशन इंक्रीमेंट जैसे मुद्दों पर ठोस सिफारिश करे।

4 .NPS स्कीम में सुधार की मांग भी तेज

नई पीढ़ी के सरकारी कर्मचारियों के बीच नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। कर्मचारियों का कहना है कि इसमें पुरानी पेंशन योजना (OPS) जैसी निश्चित पेंशन की गारंटी नहीं मिलती। कई संगठन चाहते हैं कि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारियों की आय सुरक्षित और स्थिर बनाने के लिए NPS में सुधार किए जाएं।

5 .सामाजिक सुरक्षा और बीमा पर फोकस

ग्रुप इंश्योरेंस, दुर्घटना सहायता, दिव्यांग सुरक्षा और परिवार सहायता जैसी योजनाओं में भी सुधार की मांग उठ रही है। कर्मचारी संगठनों का मानना है कि बदलते समय के हिसाब से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अपडेट करना जरूरी है।

6 .मेडिकल सुविधाओं को मजबूत करने की मांग

सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स का कहना है कि इलाज के खर्च लगातार बढ़ रहे हैं। अस्पतालों की सीमित सूची, मेडिकल क्लेम में देरी और जटिल प्रक्रियाएं बड़ी समस्या बनी हुई हैं। ऐसे में कर्मचारी चाहते हैं कि मेडिकल सुविधाओं को अधिक सरल और प्रभावी बनाया जाए ताकि इलाज में परेशानी न हो।

7 .कामकाजी परिस्थितियों में बदलाव की उम्मीद

8वें वेतन आयोग से कर्मचारियों को यह उम्मीद भी है कि कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा। पोस्टिंग, विभागीय असमानता, अधिक काम का दबाव और पुराने सर्विस नियमों में सुधार की मांग लगातार बढ़ रही है।

0 comments:

Post a Comment