करोड़ों कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, सरकार ने दी सौगात

नई दिल्ली। देश के करोड़ों कर्मचारियों के लिए भविष्य निधि यानी EPF से जुड़ी प्रक्रिया अब पहले से कहीं ज्यादा आसान होने जा रही है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) जल्द ही ऐसी नई सुविधा शुरू करने की तैयारी में है, जिसके बाद PF का पैसा निकालना बिल्कुल UPI पेमेंट जितना आसान हो सकता है। सरकार का उद्देश्य कर्मचारियों को तेज, आसान और पूरी तरह डिजिटल सेवा उपलब्ध कराना है।

केंद्रीय श्रम मंत्रालय के अनुसार, EPFO ने UPI आधारित निकासी प्रणाली की टेस्टिंग लगभग पूरी कर ली है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में कर्मचारी सीधे अपने मोबाइल फोन से PF बैलेंस चेक कर सकेंगे और जरूरत पड़ने पर तुरंत पैसा अपने बैंक खाते में ट्रांसफर भी कर पाएंगे।

अब नहीं करना पड़ेगा लंबा इंतजार

फिलहाल PF निकालने के लिए कर्मचारियों को ऑनलाइन क्लेम प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और प्रोसेसिंग के बाद पैसा खाते में आता है। हालांकि ऑटो-सेटलमेंट व्यवस्था से समय कम हुआ है, लेकिन फिर भी कई लोगों को कुछ दिन इंतजार करना पड़ता है। नई UPI आधारित सुविधा लागू होने के बाद यह प्रक्रिया काफी तेज हो सकती है। कर्मचारी अपने लिंक्ड UPI ऐप के जरिए उपलब्ध राशि तुरंत निकाल सकेंगे। केवल UPI PIN डालकर पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाएगा।

जरूरत के समय तुरंत मिलेगा पैसा

सरकार की योजना के अनुसार EPF खाते की एक तय राशि सुरक्षित रखी जाएगी, जबकि बाकी रकम जरूरत पड़ने पर निकाली जा सकेगी। इससे कर्मचारियों को मेडिकल इमरजेंसी, बच्चों की पढ़ाई, शादी, मकान खरीदने या अन्य जरूरी खर्चों के लिए तुरंत आर्थिक मदद मिल सकेगी। सबसे बड़ी बात यह है कि खाते में आने के बाद यह राशि सामान्य बैंक बैलेंस की तरह इस्तेमाल की जा सकेगी। कर्मचारी ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे, ATM से नकदी निकाल सकेंगे या अन्य लेनदेन आसानी से कर पाएंगे।

व्हाट्सएप पर भी मिलेगी EPFO सेवा

EPFO अब अपनी सेवाओं को और आसान बनाने के लिए व्हाट्सएप आधारित सुविधा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। सदस्य EPFO के वेरिफाइड WhatsApp नंबर पर 'Hello' भेजकर कई जरूरी जानकारियां हासिल कर सकेंगे। इसके जरिए कर्मचारी PF बैलेंस, क्लेम स्टेटस और पुराने ट्रांजैक्शन जैसी जानकारी आसानी से प्राप्त कर पाएंगे। खास बात यह है कि यह सुविधा क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की योजना है, जिससे छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के कर्मचारियों को बड़ा फायदा होगा।

डिजिटल सिस्टम को मिल रही मजबूती

EPFO ने करोड़ों यूजर्स को ध्यान में रखते हुए अपने सॉफ्टवेयर और डिजिटल सिस्टम में बड़े बदलाव किए हैं। सरकार का मानना है कि इससे न केवल कर्मचारियों को राहत मिलेगी, बल्कि देश का डिजिटल फाइनेंस सिस्टम भी और मजबूत होगा। इसके अलावा EPFO से जुड़े कानूनी और लंबित मामलों को भी तेजी से निपटाने पर जोर दिया जा रहा है। पिछले एक साल में लंबित मामलों की संख्या में कमी आना इसी दिशा में बड़ा संकेत माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment