यूपी में बनेगा 1 फ्लाईओवर और 2 अंडरपास, इन जिलों को बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बाराबंकी जिले में एक फ्लाईओवर और दो अंडरपास बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर करीब 125.70 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सफेदाबाद में बनेगा फ्लाईओवर

योजना के तहत सफेदाबाद क्षेत्र में फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। यहां हाईवे पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है। फ्लाईओवर बनने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी और लोगों को लंबे समय तक जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।

दादरा चौराहे पर बनेगा अंडरपास

दादरा चौराहे पर छोटे वाहनों के लिए लाइट व्हीकल अंडरपास बनाया जाएगा। इसके निर्माण से कार, बाइक, ऑटो और अन्य छोटे वाहन बिना किसी बाधा के आसानी से सड़क पार कर सकेंगे। इससे कट पॉइंट पर होने वाले हादसों में कमी आएगी।

रामसनेहीघाट क्षेत्र को भी फायदा

परियोजना में रामसनेहीघाट के दुर्घटना प्रभावित इलाके को भी शामिल किया गया है। यहां भिटरिया के पास बड़ा अंडरपास बनाया जाएगा। इस हिस्से में अक्सर सड़क हादसे होते रहे हैं, इसलिए प्रशासन ने इसे प्राथमिकता में रखा है। इसके अलावा सफदरगंज जंक्शन को भी आधुनिक तरीके से अपग्रेड किया जाएगा, ताकि बदोसरांय और जैदपुर की ओर आने-जाने वाले वाहन बिना रुकावट अपनी दिशा में जा सकें।

60 किलोमीटर क्षेत्र में हादसों पर नियंत्रण

जिला प्रशासन का मानना है कि परियोजना पूरी होने के बाद बाराबंकी जिले की सीमा में करीब 60 किलोमीटर तक सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। हाईवे पर ट्रैफिक संचालन बेहतर होगा और यात्रियों का सफर ज्यादा सुरक्षित बनेगा।

0 comments:

Post a Comment