300 किलोमीटर लंबे आउटर रिंग रोड का होगा निर्माण
एससीआर क्षेत्र के लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव और हरदोई को जोड़ने के लिए लगभग 300 किलोमीटर लंबा आउटर रिंग रोड विकसित किया जाएगा। इस परियोजना को दो चरणों में पूरा करने की योजना है। पहले चरण में 105 किलोमीटर सड़क का निर्माण लगभग 2,100 करोड़ रुपये की लागत से होगा, जबकि दूसरे चरण में शेष 195 किलोमीटर हिस्से के निर्माण पर करीब 3,900 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके पूरा होने से इन जिलों के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा।
कानपुर से अयोध्या तक बनेगा नमो भारत कॉरिडोर
बैठक में सबसे बड़ी परियोजनाओं में 187 किलोमीटर लंबा नमो भारत कॉरिडोर भी शामिल है। हाई स्पीड रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के तहत बनने वाली इस परियोजना की अनुमानित लागत 32 हजार करोड़ रुपये है। कॉरिडोर का निर्माण दो चरणों में होगा। पहले चरण में कानपुर के नयागंज से अमौसी तक लगभग 67 किलोमीटर का मार्ग विकसित किया जाएगा। पूरी परियोजना में कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें नयागंज, उन्नाव, बसीरतगंज, नवाबगंज, बंथरा, अमौसी, सुशांत गोल्फ सिटी, जुग्गौर, बरेल, सफदरगंज, भिटरिया और अयोध्या शामिल हैं।
रिंग रेल परियोजना को भी मिलेगी रफ्तार
एससीआर क्षेत्र में 151 किलोमीटर लंबी रिंग रेल परियोजना भी विकसित की जाएगी। पहले चरण में 63 किलोमीटर और दूसरे चरण में 88 किलोमीटर रेल लाइन तैयार करने की योजना है। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना और यातायात का दबाव कम करना है।

0 comments:
Post a Comment