पानी-पानी होगा यूपी! 65 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, IMD की बड़ी चेतावनी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग के अनुसार 13 जुलाई तक राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के लगभग 65 जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक, तेज हवाओं और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी वर्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती =, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बहराइच सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है।

इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, गाजीपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश के आसार हैं।

वज्रपात और मेघगर्जन की चेतावनी

मौसम विभाग ने करीब 30 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।

बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुआ मौसम तंत्र

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी से बना सक्रिय मौसम तंत्र मध्य प्रदेश के आसपास पहुंच चुका है, जिसका सीधा प्रभाव उत्तर प्रदेश पर दिखाई दे रहा है। इसी वजह से प्रदेश के पूर्वी, मध्य और कुछ पश्चिमी हिस्सों में व्यापक वर्षा का दौर जारी है। अगले तीन दिनों तक कई जिलों में रुक-रुककर तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

15 जुलाई के बाद बदल सकता है मौसम

पूर्वानुमान के अनुसार 15 जुलाई के बाद मानसून की सक्रियता कुछ कमजोर पड़ सकती है। इसके चलते तीन से चार दिनों तक बारिश में कमी आने और उमसभरी गर्मी बढ़ने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग लगातार परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर नया अपडेट जारी करेगा।

0 comments:

Post a Comment