खुशखबरी का ऐलान! यूपी में 18 लाइनमैन और 32 हेल्पर की भर्ती

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम अपने विद्युत विभाग में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने जा रहा है। इसके तहत कुल 50 नए कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें 18 लाइनमैन और 32 हेल्पर के पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से पूरी की जाएगी।

एक महीने में पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया

शहर में लगातार बढ़ते वार्डों और स्ट्रीट लाइटों की संख्या को देखते हुए नगर निगम ने अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत महसूस की है। मौजूदा स्टाफ पर मरम्मत और रखरखाव का काम बढ़ता जा रहा है। ऐसे में नए कर्मचारियों की तैनाती से कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है।

खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत में तेजी

नगर निगम की इस पहल से शहर के अलग-अलग वार्डों में स्ट्रीट लाइटों की निगरानी, खराब लाइटों की मरम्मत और नई लाइट लगाने का काम पहले से बेहतर हो सकेगा। खासकर विस्तारित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।

नगर निगम के मुख्य अभियंता डॉ. संजय कटियार के मुताबिक, डूडा के जरिए भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इसे एक महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ध्यान दें की फिलहाल भर्ती से जुड़ी शैक्षणिक योग्यता, वेतन और आवेदन की तारीखों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। इच्छुक उम्मीदवारों को आधिकारिक सूचना का इंतजार करना चाहिए।

0 comments:

Post a Comment