बिहार के सरकारी कर्मचारियों को खुशखबरी, जल्द मिलेगा वेतन!

पटना। बिहार के सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। वेतन में गड़बड़ी की जांच के कारण जिन कर्मचारियों का अक्टूबर महीने का वेतन अब तक रुका हुआ है, उन्हें जल्द भुगतान मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। सरकार ने संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को जांच प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है, ताकि छठ पर्व से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में वेतन की राशि पहुंचाई जा सके।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

6 नवंबर को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की थी। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि वेतन और भत्तों से जुड़ी विसंगतियों की जांच बिना अनावश्यक देरी के पूरी की जाए।

इसी दिन वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने भी पांच विभागों को पत्र भेजकर जांच जल्द समाप्त करने और त्योहार से पहले वेतन भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

इन पांच विभागों में हो रही है जांच

वित्त विभाग की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, गृह तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को जांच पूरी करने का निर्देश दिया गया है। दरअसल, 9 अक्टूबर को जारी वित्त विभाग के आदेश के बाद कुछ विभागों में अक्टूबर महीने का वेतन भुगतान जांच पूरी होने तक रोक दिया गया था। इस कारण खासकर शिक्षा और गृह विभाग के कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वैशाली में जांच समिति ने सौंपी रिपोर्ट

इस मामले में वैशाली जिले से भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर गठित समिति ने पुलिस बल के वेतन से संबंधित जांच रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट के मुताबिक जिले में पुलिस बल के 4,310 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में 2,929 कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से बहुत कम कर्मचारियों के मामलों में वेतन संबंधी विसंगतियां पाई गई हैं। हालांकि, दफादार और चौकीदार संवर्ग की जांच अभी पूरी नहीं हो सकी है।

कर्मचारियों को कब मिलेगा अक्टूबर का वेतन?

सरकार की ओर से जांच में तेजी लाने के निर्देश के बाद अक्टूबर महीने का बकाया वेतन छठ से पहले मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि, सभी कर्मचारियों के भुगतान की निश्चित तारीख अभी सामने नहीं आई है। वेतन जारी होने की प्रक्रिया संबंधित विभागों की जांच रिपोर्ट और सत्यापन पूरा होने पर निर्भर करेगी।

0 comments:

Post a Comment