बिहार की ये सड़क बनेगी 4-लेन, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

पटना। बिहार के लोगों के लिए सड़क कनेक्टिविटी को लेकर अच्छी खबर है। पटना से औरंगाबाद के बीच सफर करने वाले लोगों को जल्द ही जाम की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) को फोरलेन बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इस सड़क के नए एलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है। अब आगे डीपीआर तैयार करने और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की जाएगी।

करीब 160 किलोमीटर लंबी यह सड़क फिलहाल दो लेन की है। पटना से औरंगाबाद के बीच इस मार्ग पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। कई जगहों पर जाम के कारण यात्रियों को सफर पूरा करने में चार से पांच घंटे तक लग जाते हैं। फोरलेन बनने के बाद यही दूरी करीब ढाई से तीन घंटे में पूरी होने की उम्मीद है।

पांच शहरों में बनेंगे बाईपास

इस परियोजना के तहत बिहार के पांच शहरों में बाईपास बनाने की भी योजना है। इनमें औरंगाबाद, ओबरा, अंबा, दाउदनगर और अरवल शामिल हैं। इससे शहरों के भीतर से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। दाउदनगर में करीब 136.77 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा। वहीं, अरवल में लगभग 12 किलोमीटर लंबे बाईपास के निर्माण पर 270 करोड़ रुपये खर्च होने का प्रस्ताव है। इन दोनों बाईपास के लिए निविदा प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है।

औरंगाबाद में बनेगा फ्लाईओवर

नए एलाइनमेंट में औरंगाबाद शहर के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। यहां जीटी रोड के ऊपर फ्लाईओवर बनाने की योजना है, जिससे शहर में यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा।

पटना से झारखंड जाना होगा आसान

NH-139 झारखंड के हरिहरगंज के पास से बिहार में प्रवेश करती है और औरंगाबाद, ओबरा, दाउदनगर तथा अरवल होते हुए पटना तक पहुंचती है। झारखंड के हिस्से में यह सड़क पहले ही फोरलेन बन चुकी है। अब बिहार में भी इसके चौड़ीकरण से पटना से औरंगाबाद के साथ झारखंड की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। एलाइनमेंट को मंजूरी मिलने के बाद अब डीपीआर और भूमि अधिग्रहण जैसे अगले चरण पूरे किए जाएंगे।

0 comments:

Post a Comment