यूपी सरकार का बड़ा तोहफा! गरीब परिवारों के लिए 3 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दीपावली के मौके पर गरीब परिवारों को बड़ी राहत दी है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान करीब 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।

इस योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के अलावा सिलेंडर की बची हुई कीमत का भुगतान राज्य सरकार कर रही है। इससे पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर भरवाने के लिए अपनी जेब से पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे। सरकार की इस पहल से त्योहार के समय गरीब परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

3 करोड़ किसान परिवारों के लिए भी विशेष पैकेज

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों और महिलाओं के लिए भी बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि मौसम की मार, बेमौसम बारिश, सूखा और ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में प्रदेश के करीब 3 करोड़ किसान परिवारों के लिए सरकार अलग से आर्थिक सहायता पैकेज लाने की तैयारी कर रही है।

इसके अलावा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भी विशेष पैकेज लाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

किसानों और मजदूरों को मिलेगा सस्ता भोजन

योगी सरकार प्रदेश की मंडियों और श्रमिक अड्डों पर अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू करने की योजना भी बना रही है। यहां किसानों और मजदूरों को बेहद कम कीमत पर सम्मानजनक तरीके से भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके साथ ही सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रसोइयों, ग्राम चौकीदारों और पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी जैसे कदमों का भी जिक्र किया। राशन की दुकानों को आधुनिक अन्नपूर्णा भवन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment