अब सोने की हॉलमार्किंग के लिए देने होंगे ₹75
नए नियम के अनुसार, गोल्ड ज्वेलरी के प्रत्येक आर्टिकल की हॉलमार्किंग फीस अब 75 रुपये कर दी गई है। पहले इसके लिए 45 रुपये देने पड़ते थे। यानी हर आर्टिकल पर 30 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इस तरह फीस में करीब 67 फीसदी इजाफा हुआ है। इसके अलावा, एक कंसाइनमेंट के लिए न्यूनतम 200 रुपये का शुल्क भी तय किया गया है। हॉलमार्किंग सेंटर को भी BIS को गोल्ड के प्रत्येक आर्टिकल पर 7.50 रुपये देने होंगे, जबकि न्यूनतम शुल्क 20 रुपये प्रति कंसाइनमेंट है।
चांदी की हॉलमार्किंग फीस में बदलाव नहीं
सोने के मुकाबले चांदी की ज्वेलरी की हॉलमार्किंग फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसके लिए ज्वेलर्स को पहले की तरह 35 रुपये प्रति आर्टिकल देने होंगे। वहीं, न्यूनतम कंसाइनमेंट फीस 150 रुपये रखी गई है।
ज्वेलरी खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
सोना खरीदते समय सिर्फ कीमत और वजन देखना काफी नहीं है। उसकी शुद्धता की पुष्टि के लिए BIS हॉलमार्क जरूर जांचें। ज्वेलरी पर BIS का लोगो, कैरेट और फाइननेस मार्क के साथ छह अंकों वाला HUID नंबर होना चाहिए। ग्राहक BIS Care ऐप के जरिए भी HUID नंबर की जांच कर सकते हैं।
क्या बढ़ी हुई फीस से आपका बिल भी बढ़ेगा?
सोने की ज्वेलरी के बिल में सोने की कीमत, मेकिंग चार्ज, अन्य लागू शुल्क और 3 प्रतिशत GST शामिल हो सकते हैं। हॉलमार्किंग फीस भी बिल में अलग से दिखाई जा सकती है। हालांकि, नई फीस सीधे हर ग्राहक के बिल में 30 रुपये बढ़ाएगी, ऐसा जरूरी नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ज्वेलर हॉलमार्किंग की लागत ग्राहक से किस तरह वसूलता है।
इसलिए धनतेरस पर सोना खरीदने से पहले ज्वेलरी का वजन, कैरेट, मेकिंग चार्ज और बिल में लगाए गए अतिरिक्त शुल्क जरूर जांच लें।

0 comments:
Post a Comment