धड़ाम हुए सोने-चांदी के भाव, आज बाजार में मचा हलचल

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमतों में आज अचानक गिरावट देखने को मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बढ़ने के बाद घरेलू सर्राफा बाजार में भी कीमतें नीचे आ गई हैं। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने का असर कीमती धातुओं की कीमतों पर पड़ रहा है।

एमसीएक्स पर सोने की कीमत में गिरावट

घरेलू वायदा बाजार में भी सोने की कीमतों में कमजोरी देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना करीब 0.6 प्रतिशत गिरावट के साथ लगभग 1,60,651 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास खुला। इससे पहले इसका बंद भाव करीब 1,61,634 रुपये था। बाजार खुलने के कुछ ही समय बाद बिकवाली बढ़ने से सोने की कीमतों में और गिरावट देखने को मिली और यह एक प्रतिशत से ज्यादा नीचे फिसल गया।

मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में कीमत

देश के अन्य बड़े शहरों में भी सोने के दाम में गिरावट का असर दिख रहा है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में 22 कैरेट सोने का भाव करीब 1,49,990 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास है। वहीं 24 कैरेट सोना लगभग 1,63,630 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

दिल्ली में आज का सोना भाव

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सोने की कीमतों में नरमी दर्ज की गई है। यहां 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1,63,790 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत लगभग 1,50,140 रुपये प्रति 10 ग्राम बताई जा रही है।

चांदी के दाम भी लुढ़के

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली है। 9 मार्च की सुबह चांदी का भाव घटकर करीब 2,84,900 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास पहुंच गया। पिछले सप्ताह के मुकाबले चांदी की कीमत में लगभग 10 हजार रुपये तक की कमी दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का हाजिर भाव करीब 83.40 डॉलर प्रति औंस के आसपास बताया जा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि इसी साल जनवरी में चांदी की कीमतें काफी तेजी से बढ़ी थीं और एक समय यह चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को भी पार कर गई थी।

कीमतों में गिरावट

जानकारों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक परिस्थितियां सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित कर रही हैं। मिडिल ईस्ट क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। साथ ही अमेरिकी डॉलर की मजबूती भी निवेशकों को सुरक्षित विकल्पों की ओर ले जा रही है, जिससे कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

0 comments:

Post a Comment