बिहारवासी सावधान! 20 मई तक आंधी-पानी का अलर्ट जारी

पटना। बिहार में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम अस्थिर बना रह सकता है और 20 मई तक कई जिलों में आंधी-पानी, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसको लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त पुरवा हवाओं के कारण प्रदेश में मौसम सामान्य से अधिक आर्द्र बना हुआ है। इसी कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ रही है, जिससे कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन रही है।

इन जिलों में ज्यादा असर की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बिहार के लगभग 14 जिलों में मेघ गर्जन के साथ आंधी-पानी की चेतावनी जारी की गई है। वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर जैसे जिलों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ-साथ वज्रपात और तेज बारिश की संभावना जताई गई है। इससे जनजीवन और कृषि कार्यों पर भी असर पड़ सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ का भी असर

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहा है, जिसका असर बिहार के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। इसके चलते अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी-पानी की स्थिति बनी रह सकती है।

तापमान में बड़ी राहत नहीं

मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि बीच-बीच में बारिश और हवाओं के कारण मौसम में हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है।

बीते 24 घंटे का मौसम

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। गयाजी में तेज हवाओं की रफ्तार 92 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जबकि बांका के शंभूगंज में 54.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

0 comments:

Post a Comment