बिहार में राशन कार्ड व्यवस्था में बड़ा बदलाव, लागू होगा स्मार्ट PDS सिस्टम

पटना। बिहार में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के सभी PDS दुकानों को अब स्मार्ट PDS सिस्टम से जोड़ा जा रहा है। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य राशन वितरण को तेज, सुरक्षित और पूरी तरह पारदर्शी बनाना है।

नई व्यवस्था के लिए पुरानी सेवाएं अस्थायी रूप से बंद

स्मार्ट PDS सिस्टम को लागू करने की प्रक्रिया के तहत बिहार में कई पुरानी ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इनमें ई-PDS प्लेटफॉर्म, RC ऑनलाइन और RCMS ऑफलाइन सेवाएं शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, अगले 15 से 20 दिनों तक नए राशन कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया भी स्थगित रहेगी, ताकि पुराने डेटा को नए सिस्टम में पूरी तरह एकीकृत किया जा सके।

क्यों लिया गया यह फैसला?

खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य एकीकृत राष्ट्रीय राशन प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करना और सभी राज्यों के डेटा को एक साथ जोड़ना है। इससे भविष्य में लाभार्थियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर बेहतर, तेज और निर्बाध सेवाएं मिल सकेंगी।

फर्जी लाभुकों पर लगेगी रोक

नई स्मार्ट PDS व्यवस्था लागू होने के बाद राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है। आधार आधारित सत्यापन और रियल टाइम डेटा मॉनिटरिंग से फर्जी राशन कार्ड और डुप्लीकेट लाभुकों की पहचान आसान हो जाएगी। इससे सरकारी संसाधनों का सही उपयोग सुनिश्चित होगा और जरूरतमंद लोगों तक लाभ समय पर पहुंच सकेगा।

वन नेशन, वन राशन कार्ड

यह नया सिस्टम “वन नेशन, वन राशन कार्ड” योजना को और मजबूत करेगा। इसके तहत कोई भी लाभुक देश के किसी भी राज्य में रहकर राशन प्राप्त कर सकेगा। इससे प्रवासी मजदूरों और कामकाजी लोगों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment