यूपी के लाखों श्रमिकों को खुशखबरी, सरकार ने जारी की नई गाइडलाइन, मिलेंगे कई बड़े लाभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने निर्माण श्रमिकों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए पंजीयन प्रक्रिया को और आसान बना दिया है। अब प्रदेश के लाखों श्रमिक केवल आधार कार्ड और 90 दिन काम करने के प्रमाण के आधार पर आसानी से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा श्रमिकों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है।

उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसके तहत पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाया गया है ताकि मजदूरों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और वे आसानी से सरकारी सुविधाओं का लाभ ले सकें।

पंजीकरण के बाद मिलेंगी कई शानदार सुविधाएं

पंजीकृत श्रमिकों को सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा। इनमें पेंशन, मुफ्त या सस्ती चिकित्सा सुविधा, बच्चों की पढ़ाई में सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण और बेटियों की शादी के लिए आर्थिक मदद जैसी सुविधाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन योजनाओं का मकसद श्रमिक परिवारों का जीवन स्तर बेहतर बनाना है।

आधार कार्ड से आसान होगा पंजीयन

नई व्यवस्था के तहत श्रमिक अपने आधार कार्ड के जरिए आसानी से पंजीकरण करा सकेंगे। इसके लिए यह जरूरी होगा कि श्रमिक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच हो और उसने पिछले एक साल में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया हो। विभाग ने लेबर मैनेजमेंट इंफार्मेशन सिस्टम के माध्यम से प्रक्रिया को डिजिटल और सरल बनाया है।

निर्माण स्थलों पर लगेंगे विशेष कैंप

जानकारी के अभाव में अभी भी बड़ी संख्या में मजदूर पंजीकरण से बाहर हैं। इसे देखते हुए विभाग अब निर्माण स्थलों पर विशेष कैंप लगाकर मौके पर ही श्रमिकों का पंजीकरण कर रहा है। इससे मजदूरों को कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और अधिक से अधिक लोग योजनाओं से जुड़ सकेंगे।

शिकायत के लिए जारी हुआ टोल फ्री नंबर

सरकार ने श्रमिकों को ठगी से बचाने के लिए टोल फ्री नंबर 18001805412 भी जारी किया है। यदि कोई व्यक्ति योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर पैसे मांगता है तो श्रमिक तुरंत शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment