विशेषज्ञों के अनुसार, पथरी शुरुआती चरण में छोटे संकेत देती है, जिन्हें नजरअंदाज करना बाद में गंभीर परेशानी का कारण बन सकता है। किडनी स्टोन तब बनता है जब शरीर में मौजूद खनिज और लवण मिलकर कठोर कण का रूप ले लेते हैं। ये कण मूत्र मार्ग में अटककर तेज दर्द और कई जटिलताएं पैदा कर सकते हैं।
1. कमर और पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द
किडनी स्टोन का सबसे आम लक्षण तेज और अचानक होने वाला दर्द है, जो कमर से शुरू होकर पेट के निचले हिस्से तक पहुंच सकता है। यह दर्द कभी-कभी असहनीय हो सकता है और लहरों की तरह आता-जाता रहता है।
2. पेशाब में जलन और दर्द
अगर पेशाब करते समय जलन या दर्द महसूस हो रहा है तो यह किडनी स्टोन का संकेत हो सकता है। स्टोन मूत्र मार्ग में रुकावट पैदा करता है, जिससे यह समस्या होती है।
3. पेशाब में खून आना
पथरी के कारण मूत्र मार्ग में चोट लग सकती है, जिससे पेशाब का रंग गुलाबी, लाल या भूरे रंग का दिखाई दे सकता है। यह लक्षण गंभीर स्थिति का संकेत माना जाता है।
4. बार-बार पेशाब की इच्छा
किडनी स्टोन होने पर मरीज को बार-बार पेशाब आने की इच्छा हो सकती है, लेकिन हर बार पर्याप्त मात्रा में पेशाब नहीं होता। यह मूत्र मार्ग में रुकावट का संकेत हो सकता है।
5. मतली और उल्टी की समस्या
किडनी स्टोन के दर्द के साथ कई बार मतली और उल्टी की समस्या भी देखने को मिलती है। यह शरीर पर बढ़ते दबाव और दर्द का परिणाम हो सकता है।
क्यों होती है किडनी स्टोन की समस्या?
डॉक्टरों के अनुसार, कम पानी पीना, अधिक नमक और कैल्शियम युक्त ज्यादा भोजन, मोटापा और अनियमित जीवनशैली इसके प्रमुख कारण हैं। कुछ मामलों में यह अनुवांशिक भी हो सकता है।

0 comments:
Post a Comment