फैटी लिवर की बीमारी चुपचाप करती है हमला, ये 5 संकेत करेंगे अलर्ट

हेल्थ डेस्क। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, गलत खानपान और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से बढ़ रही है। पहले यह बीमारी अधिक उम्र के लोगों में देखने को मिलती थी, लेकिन अब युवा भी इसकी चपेट में आने लगे हैं। डॉक्टरों के अनुसार फैटी लिवर की बीमारी शुरुआत में बिना किसी बड़े लक्षण के शरीर को प्रभावित करती है, इसलिए इसे 'साइलेंट डिजीज' भी कहा जाता है।

1. लगातार थकान और कमजोरी

अगर बिना ज्यादा काम किए भी शरीर में थकान बनी रहती है और हर समय कमजोरी महसूस होती है, तो यह फैटी लिवर का शुरुआती संकेत हो सकता है। कई लोग इसे सामान्य थकावट समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।

2. पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द

फैटी लिवर की समस्या होने पर पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में हल्का दर्द या भारीपन महसूस हो सकता है। यह लिवर पर बढ़ते दबाव का संकेत माना जाता है।

3. तेजी से वजन बढ़ना

अचानक वजन बढ़ना, खासकर पेट के आसपास चर्बी जमा होना, फैटी लिवर से जुड़ा हो सकता है। मोटापा इस बीमारी की सबसे बड़ी वजहों में से एक माना जाता है।

4.पाचन खराब होना

फैटी लिवर होने पर कई लोगों को भूख कम लगने लगती है। साथ ही गैस, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याएं भी बनी रह सकती हैं। यह संकेत बताते हैं कि पाचन तंत्र प्रभावित हो रहा है।

5. त्वचा और आंखों में पीलापन

जब लिवर की स्थिति ज्यादा खराब होने लगती है, तब त्वचा और आंखों में पीलापन दिखाई दे सकता है। यह गंभीर संकेत माना जाता है और ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

क्यों बढ़ रही है फैटी लिवर की समस्या?

जानकारों के मुताबिक जंक फूड, तला-भुना खाना, मीठे पेय पदार्थ, शराब का सेवन और लंबे समय तक बैठे रहना इस बीमारी के मुख्य कारण हैं। डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल से पीड़ित लोगों में भी इसका खतरा ज्यादा रहता है।

0 comments:

Post a Comment