बिहार के युवाओं को बड़ी खुशखबरी! आने वाली है नई शिक्षक भर्ती

पटना। बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने संकेत दिए हैं कि सरकार जल्द ही नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। उनके इस बयान के बाद लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में उत्साह बढ़ गया है।

बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे शिक्षा मंत्री

मंगलवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी मधेपुरा जिले के प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने बीपीएससी शिक्षक भर्ती टीआरई-4 को लेकर बड़ा बयान दिया।

अभ्यर्थियों से कहा- आंदोलन नहीं, तैयारी

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक अभ्यर्थियों को आंदोलन और प्रदर्शन करने के बजाय अपनी पढ़ाई और तैयारी पर ध्यान देना चाहिए। सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से देख रही है और बहुत जल्द नई बहाली प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि भर्ती आने पर अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होकर अपनी योग्यता साबित करनी चाहिए। सरकार युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेगी।

टीआरई-4 भर्ती को लेकर बढ़ी उम्मीद

काफी समय से बिहार में टीआरई-4 शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई थी। कई अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे थे। अब शिक्षा मंत्री के बयान को नई भर्ती की तैयारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में सरकार भर्ती से जुड़ी आधिकारिक घोषणा कर सकती है। इससे लाखों युवाओं को सरकारी शिक्षक बनने का अवसर मिल सकता है।

दो परीक्षाओं के मुद्दे पर भी बोले मंत्री

बीपीएससी द्वारा दो परीक्षाएं आयोजित करने के सवाल पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अभ्यर्थियों के हित में जो भी बेहतर होगा, वही फैसला लिया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment