मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। आने वाले समय में महाराष्ट्र, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, ओडिशा समेत कई इलाकों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
23 जून तक कई राज्यों में पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की सीमा महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कई हिस्सों से गुजर रही है। अनुमान है कि 23 जून के आसपास इन राज्यों के कुछ और हिस्सों में मानसून सक्रिय हो जाएगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भी मानसून पहुंचने के लिए मौसम अनुकूल बना हुआ है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलने वाला है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में 21 और 22 जून को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की स्थिति भी बन सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 21 से 26 जून तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
यूपी, दिल्ली और मैदानी राज्यों में भी
उत्तर प्रदेश में भी मानसून से पहले की बारिश वाली गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी में 25-26 जून और पश्चिमी यूपी में 26 जून के आसपास बारिश के आसार हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 21 से 23 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मध्य भारत के छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में 21 से 26 जून के बीच बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। पूर्वी भारत में मानसून का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बिहार और ओडिशा में भी आने वाले दिनों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 21 से 26 जून तक व्यापक बारिश की संभावना है। असम और मेघालय में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर जारी
केरल, कर्नाटक के तटीय इलाकों, लक्षद्वीप और तेलंगाना में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। तटीय कर्नाटक में 21 से 24 जून तक भारी बारिश की संभावना है। वहीं केरल, माहे और तेलंगाना में भी आने वाले दिनों में तेज बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

0 comments:
Post a Comment