बिहार में लगेगी बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां? 6 शहरों के लिए खुशखबरी

पटना। बिहार में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में नई फैक्ट्रियां लगाने की तैयारी तेज हो गई है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (BIADA) की ओर से 30 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए जमीन आवंटित की गई है। इससे राज्य में निवेश बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।

इन परियोजनाओं के लिए कुल 26.59 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई है। प्रस्तावित फैक्ट्रियों में खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, फार्मास्युटिकल्स और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों से जुड़ी इकाइयां शामिल होंगी।

627 करोड़ रुपये से अधिक का होगा निवेश

इन नई औद्योगिक परियोजनाओं में करीब 627.83 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। उद्योग विभाग के अनुमान के अनुसार, इन फैक्ट्रियों के शुरू होने के बाद लगभग 3329 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। सरकार का मानना है कि नए उद्योगों की स्थापना से बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और राज्य में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

इन शहरों में लग सकती हैं फैक्ट्रियां

नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना बिहार के कई प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में की जाएगी। इनमें सिकंदरपुर, मरंगा, डुमरिया, हाजीपुर, बिहटा, मुजफ्फरपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन इलाकों में उद्योग लगने से आसपास के क्षेत्रों में भी व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।

किन क्षेत्रों में होंगी नई कंपनियां?

स्वीकृत परियोजनाओं में कई तरह के उद्योग शामिल हैं। इनमें कपड़ा निर्माण, डेयरी, खाद्य उत्पाद, पैकेजिंग और अन्य मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की इकाइयां शामिल हैं। कुछ प्रमुख स्वीकृत कंपनियों में क्रिएटिव गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, मिल्कवेल डेयरी प्राइवेट लिमिटेड, कासमोजिंग फूडलैब्स प्राइवेट लिमिटेड, एमवीएस पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड और निश्चय पोलीफैब प्राइवेट लिमिटेड जैसी इकाइयां शामिल हैं।

निवेशकों को मिल रही सुविधाएं

BIADA के माध्यम से निवेशकों को औद्योगिक जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आसान बनाया जा रहा है। सरकार की ओर से बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी और नीतिगत सहायता देने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि उद्योगों की स्थापना तेजी से हो सके। इन परियोजनाओं से सिर्फ निवेश नहीं बढ़ेगा, बल्कि युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के नए रास्ते भी मिलेंगे।

0 comments:

Post a Comment