1500KM दूर तक तबाही: भारत की 'निर्भय' तैयार, पाक में हड़कंप

नई दिल्ली। भारत की रक्षा शक्ति अब पहले से कहीं ज़्यादा घातक और रणनीतिक रूप से सटीक हो चुकी है। दुश्मन देशों के लिए यह एक चेतावनी से कम नहीं कि अब भारत सिर्फ जवाब देने में यकीन नहीं रखता, बल्कि पहले ही हर चाल को भांपने और उसका मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार बैठा है।

1500 किलोमीटर तक सटीक वार

निर्भय मिसाइल की सबसे बड़ी ताकत है उसकी चुपचाप मार करने की क्षमता। यह एक सबसोनिक क्रूज़ मिसाइल है जो लगभग Mach 0.9 (यानी करीब 1000 किमी/घंटा) की रफ्तार से उड़ान भरती है। यह सिर्फ गति की बात नहीं है यह मिसाइल दुश्मन की नज़रों से बचते हुए जमीन के बेहद करीब, लगभग पेड़ों की ऊंचाई पर उड़ सकती है, जिससे रडार भी इसे पकड़ नहीं पाते। यानी एक साइलेंट किलर, जो तब वार करता है जब दुश्मन को इसका आभास भी नहीं होता।

स्वदेशी तकनीक की मिसाल

DRDO की एयरोनॉटिकल डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट (ADE) द्वारा विकसित यह मिसाइल भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता की मिसाल है। 6 मीटर लंबी और करीब 1500 किलो वज़नी निर्भय, 800 से लेकर 1500 किलोमीटर तक के लक्ष्य को सटीकता से भेद सकती है। इसका स्टील्थ डिजाइन और ज़मीन से चिपककर उड़ने की क्षमता इसे दुनिया की खतरनाक मिसाइलों की सूची में खड़ा करता है।

शिकार को चक्कर लगाकर मारने वाला हथियार

निर्भय की एक और खासियत यह है कि यह लक्ष्य पर सीधा हमला करने की बजाय पहले उस इलाके में घूमकर निगरानी कर सकता है। यानी ये मिसाइल दुश्मन के मूवमेंट, डिफेंस, और पोजिशन को समझने के बाद सबसे सटीक कोण और समय चुनती है हमला करने के लिए। यह क्षमता इसे किसी भी एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम बनाती है।

भारी वॉरहेड, भारी तबाही

निर्भय में 200 से 450 किलो तक का वॉरहेड ले जाने की क्षमता है। पारंपरिक विस्फोटक से लेकर न्यूक्लियर वॉरहेड तक इसे लैस किया जा सकता है। इससे यह दुश्मन के सैन्य अड्डों, एयरबेस, रडार स्टेशनों और रणनीतिक केंद्रों को एक ही झटके में तबाह कर सकता है। वर्तमान में निर्भय को ज़मीन से मोबाइल लॉन्चर के माध्यम से लॉन्च किया जाता है, लेकिन इसे समुद्र और आने वाले समय में वायुसेना और पनडुब्बियों से भी लॉन्च करने की दिशा में काम चल रहा है।

सीधा निशाना: पाकिस्तान और चीन

1500 किलोमीटर की रेंज होने का मतलब है कि भारत की यह मिसाइल पाकिस्तान के किसी भी कोने कराची, लाहौर, ग्वादर, इस्लामाबाद तक पहुंच सकती है। चीन की बात करें तो यह मिसाइल युन्नान, चेंग्दू और दक्षिणी चीन के सैन्य अड्डों तक भी आसानी से पहुंच बना सकती है।

0 comments:

Post a Comment