परमाणु शक्ति प्रदर्शन: रूस की चाल से कांपे NATO देश

न्यूज डेस्क। अलास्का में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से प्रस्तावित मुलाकात से ठीक पहले, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बड़ा सामरिक दांव खेलने की तैयारी कर ली है। रूसी आर्कटिक क्षेत्र में स्थित एक गुप्त परीक्षण स्थल से संकेत मिल रहे हैं कि रूस दुनिया की पहली परमाणु-संचालित और असीमित दूरी तक मार करने वाली क्रूज मिसाइल 9M730 बुरेवेस्टनिक का परीक्षण करने जा रहा है।

गुप्त साइट पर गतिविधियां तेज, सैटेलाइट ने भेजे सबूत

दो अमेरिकी रिसर्चर्स और एक पश्चिमी सुरक्षा सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि रूस का बर्फीला बेरेंट्स सागर तट स्थित पैनकोवो परीक्षण स्थल अचानक से फिर सक्रिय हो गया है। अमेरिका की सैटेलाइट फर्म Planet Labs द्वारा खींचे गए चित्रों में परीक्षण की तैयारियां साफ़ देखी जा सकती हैं। यह वही इलाका है जहां सोवियत काल में परमाणु परीक्षण होते थे और जिसे अब फिर से सक्रिय किया जा रहा है।

क्या है ‘बुरेवेस्टनिक’?

'बुरेवेस्टनिक', रूसी भाषा में तूफ़ान पक्षी का नाम है। यह मिसाइल एक क्रांतिकारी हथियार है, क्योंकि यह पारंपरिक रासायनिक ईंधन पर नहीं, बल्कि परमाणु ऊर्जा से संचालित होती है। इसके अंदर एक मिनिएचर न्यूक्लियर रिएक्टर लगा होता है, जो इसे महीनों तक हवा में उड़ने और दुनिया के किसी भी कोने में हमला करने की क्षमता देता है। 

रडार से बच निकलने की इसकी क्षमता इसे और भी घातक बनाती है। यह महज 50-100 मीटर की ऊँचाई पर उड़ सकती है और उड़ान के दौरान दिशा भी बदल सकती है। इसका मार्ग अनियमित होता है, जिससे रडार और एयर डिफेंस सिस्टम इसे ट्रैक नहीं कर पाते।

ट्रंप-पुतिन मुलाकात से पहले क्यों अहम है यह परीक्षण?

रूस यह परीक्षण ऐसे समय में कर रहा है जब अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज़ है। 18 अगस्त को पुतिन और ट्रंप की मुलाकात प्रस्तावित है, जो रूस-अमेरिका संबंधों की दिशा तय कर सकती है। ऐसे में अगर पुतिन इस मिसाइल का सफल परीक्षण कर लेते हैं, तो यह बैठक में रूस को एक रणनीतिक बढ़त दिला सकता है।

पुतिन पहले ही इस मिसाइल को “भविष्य का हथियार” बता चुके हैं और दावा करते हैं कि आने वाले वर्षों में भी कोई देश इस तकनीक के करीब नहीं पहुंचेगा। उनके अनुसार, यह मिसाइल रूस की रक्षा क्षमता को “अजेय” बना देगी। बुरेवेस्टनिक का विकास 2011 के आसपास शुरू हुआ था।

0 comments:

Post a Comment