सीएम योगी का बड़ा ऐलान: महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक ऐसा ऐलान किया है जो राज्य की महिलाओं के भविष्य को नई दिशा दे सकता है। लखनऊ में आयोजित राजकीय समारोह में तिरंगा फहराने के बाद सीएम योगी ने अपने संबोधन में महिलाओं के लिए एक क्रांतिकारी कदम की घोषणा की।

सरकारी नौकरियों में महिलाओं की भागीदारी 50%

सीएम योगी ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि महिलाओं की सरकारी सेवाओं में हिस्सेदारी केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है जिसे उत्तर प्रदेश सरकार गंभीरता से ले रही है। उन्होंने बताया कि जब उनकी सरकार सत्ता में आई, तब महिलाओं की सरकारी नौकरियों में भागीदारी महज 14% थी, जिसे बढ़ाकर 35% तक पहुंचाया गया है। 

सीएम ने कहा की अब उनका लक्ष्य इसे 50% तक ले जाना है। यह ऐलान सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस प्रयास है। खासतौर पर पुलिस और अन्य सुरक्षा विभागों में महिलाओं की बढ़ती भूमिका समाज में बदलाव की ओर संकेत करती है।

पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती मौजूदगी

सीएम योगी ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल समेत कई अन्य विभागों में महिलाओं की प्रभावशाली उपस्थिति आज स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। पहले जिन क्षेत्रों को पुरुष-प्रधान माना जाता था, वहां अब महिलाएं कंधे से कंधा मिलाकर जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

महिलाओं के लिए नए अवसर

इस पहल से यह उम्मीद की जा सकती है कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, पुलिस, और अन्य विभागों में महिलाओं को अधिक अवसर मिलेंगे। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी, बल्कि वे समाज में निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी और अधिक भागीदार बनेंगी।

0 comments:

Post a Comment