इन जिलों में रहेगा आंधी-पानी का असर
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, उनमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, समस्तीपुर और बक्सर शामिल हैं। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पटना समेत अन्य इलाकों का हाल
राजधानी पटना सहित राज्य के शेष हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। बारिश की संभावना कम है, लेकिन हवाओं के रुख में बदलाव के कारण मौसम में ठंडक महसूस की जा सकती है।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे के बाद राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। पछुआ हवा के प्रभाव से सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास बढ़ेगा, खासकर उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के जिलों में।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले में काम करने वाले, किसान और यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। आंधी-बिजली के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

0 comments:
Post a Comment