बिहार में मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप, स्टूडेंट्स को मिलेगा 4-6 हजार

पटना। बिहार सरकार युवा, रोजगार और कौशल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप योजना चला रही है, जो राज्य के युवाओं के लिए अनुभव और आर्थिक सशक्तिकरण का सुनहरा अवसर साबित हो रही है। इस योजना के तहत 18 से 28 वर्ष तक के छात्र और स्नातक विभिन्न सरकारी और निजी संस्थानों में इंटर्न बन सकते हैं और उन्हें 4,000 से 6,000 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड भी मिलेगा।

सरकारी और निजी क्षेत्र का अनोखा संगम

योजना की खासियत यह है कि इसमें केवल सरकारी संस्थान ही नहीं, बल्कि कई निजी कंपनियां और उद्योग भी भागीदार हैं। सरकारी विभाग, इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान और निजी कंपनियां युवा इंटर्न्स को भोजन, आवास और परिवहन जैसी सुविधाएं भी प्रदान कर रही हैं। इससे बिहार के युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर दोनों पर कार्य अनुभव प्राप्त कर पा रहे हैं।

इंटर्नशिप में मिलेंगे विविध अवसर

इस योजना में युवा प्रयोगशाला सहायक, पुस्तकालय सहायक, डेटा एंट्री ऑपरेटर, सोशल मीडिया मैनेजर, वित्तीय सहायक, मानव संसाधन सहायक, हिंदी टाइपिस्ट जैसी तकनीकी और प्रशासनिक भूमिकाओं में अनुभव हासिल कर सकते हैं। अनुभवी अधिकारियों के मार्गदर्शन में काम करने से युवा वास्तविक कार्यस्थल की चुनौतियों और प्रक्रियाओं को समझते हैं।

शिक्षा स्तर और अवधि

इंटर्नशिप में भाग लेने के लिए 12वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर तक के छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसकी अवधि 3 महीने से 1 साल तक होती है। इसके अलावा, अन्य जिलों में इंटर्नशिप पर पहले 3 महीने के लिए अतिरिक्त 2,000 रुपये प्रति माह और एकमुश्त 5,000 रुपये भी दिए जाते हैं। बिहार के बाहर इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को भी डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर के माध्यम से अतिरिक्त सहायता मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment