भारत को लेकर बड़ी खुशखबरी, चीन-अमेरिका भी पीछे रह गए

नई दिल्ली। नया साल भारत के लिए आर्थिक रूप से खुशखबरी लेकर आया है। सरकारी आंकड़ों और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025-26 में भारत की आर्थिक ग्रोथ 7.4% तक पहुंचने का अनुमान है। यह पिछली बार 6.5% रही थी, जो स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि देश की अर्थव्यवस्था अब टॉप गियर में दौड़ने लगी है।

सर्विसेज सेक्टर में जबरदस्त हुआ उछाल

भारत की आर्थिक मजबूती में सबसे बड़ा योगदान सर्विसेज सेक्टर का है। इस सेक्टर की ग्रोथ लगभग 7.3% रहने की संभावना है। खासकर फाइनेंशियल, रियल एस्टेट और प्रोफेशनल सर्विसेज में तेजी सबसे ज्यादा देखी जा रही है, जहां ग्रोथ लगभग 9.9% रहने का अनुमान है। इसके अलावा होटल, ट्रेड, ट्रांसपोर्ट और कम्युनिकेशन सेक्टर में भी 7.5% की वृद्धि दिखाई दे रही है।

मैन्युफैक्चरिंग और कंस्ट्रक्शन में सुधार

सेकेंडरी सेक्टर यानी फैक्ट्रियां और निर्माण कार्य भी 7% की बढ़त दिखा रहे हैं। शहरों में नई इमारतें और फैक्ट्रियों में उत्पादन बढ़ना यह साबित करता है कि निवेश का चक्का घूम रहा है।

कृषि क्षेत्र और उपयोगिताएं बढ़ेगी

खेती-बाड़ी में 3.1% की मध्यम ग्रोथ की उम्मीद है। खरीफ की अच्छी पैदावार और रबी की बेहतर बुआई से इस क्षेत्र में स्थिरता बनी हुई है। वहीं गैस, पानी और बिजली जैसी उपयोगिताओं में 2.1% की वृद्धि के संकेत हैं।

आम आदमी और निवेशक खुश

भारत की आर्थिक वृद्धि तभी टिकाऊ हो सकती है जब आम लोग पैसा खर्च करें और कंपनियां निवेश करें। रिपोर्ट में यह कहा गया है कि निजी खर्च 7% तक बढ़ सकता है, जबकि देश में निवेश (Gross Fixed Capital Formation) 7.8% तक बढ़ने का अनुमान है। इससे स्पष्ट है कि कंपनियां नई मशीनें और कारोबार बढ़ाने में सक्रिय हो रही हैं।

चुनौतियां और अवसर

हालांकि ग्लोबल मार्केट में अनिश्चितता और कम होती डिमांड एक चुनौती बन सकती है, लेकिन नए व्यापार समझौतों और घरेलू निवेश में तेजी से भारत की अर्थव्यवस्था और मजबूत हो सकती है।

0 comments:

Post a Comment