यूपी में मकान बनाना हुआ महंगा: सरिया से लेकर ईंट-बालू तक बढ़े दाम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में घर बनाने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह समय थोड़ा भारी साबित हो सकता है। निर्माण सामग्री के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी के बजट को हिला दिया है। खासतौर पर सरिया की कीमतों में आई तेज़ उछाल ने मकान निर्माण की लागत को साफ तौर पर बढ़ा दिया है।

सरिया के दामों में तेज उछाल

मकान की मजबूती की रीढ़ माने जाने वाले सरिया के दामों में हाल ही में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई है। पहले जो सरिया 52 रुपये प्रति किलो में मिल रही थी, वह अब 57 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। वहीं सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली 8 एमएम सरिया, जिससे कॉलम और छत के लिए रिंग तैयार की जाती हैं, उसकी कीमत 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये प्रति किलो हो गई है। इससे लिंटर, बीम और छत की लागत सीधे तौर पर बढ़ गई है।

सीमेंट को लेकर असमंजस

सीमेंट के दामों को लेकर बाजार में स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। कुछ व्यापारियों ने सीमेंट के दाम में पांच रुपये प्रति बैग की बढ़ोतरी कर दी है, जबकि बड़ी कंपनियां दस रुपये प्रति बैग तक बढ़ाने के लिए दबाव बना रही हैं। हालांकि फिलहाल बाजार में मांग कम होने के कारण कंपनियां अपने इरादों में पूरी तरह सफल नहीं हो पा रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी संभव है।

अन्य निर्माण सामग्री की स्थिति

सरिया और सीमेंट के अलावा अन्य निर्माण सामग्री के दामों में भी हलचल देखने को मिल रही है। ईंट, जो पहले सात से साढ़े सात हजार रुपये प्रति हजार मिल रही थी, अब पौने आठ से आठ हजार रुपये प्रति हजार तक पहुंच गई है। 

अच्छी क्वालिटी की प्लास्टर मौरंग 60 से बढ़कर 62 रुपये प्रति फीट हो गई है, जबकि स्लैब वाली मौरंग करीब 58 रुपये प्रति फीट पर बिक रही है। बालू की कीमत भी 20 रुपये से बढ़कर 21–22 रुपये प्रति फीट हो गई है। राहत की बात यह है कि पौना इंच की गिट्टी और जीरा गिट्टी के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं।

0 comments:

Post a Comment