बिहार से गुजरेगा यह एक्सप्रेस-वे, लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी!

न्यूज डेस्क। बिहार के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे अब राज्य में 186 किलोमीटर लंबा होगा, जो पहले केवल 153 किलोमीटर था। नए एलाइनमेंट के बाद इस मार्ग का विस्तार हुआ है और अब यह सासाराम शहर से होकर गुजरेगा। इस बदलाव से एक्सप्रेस-वे का लंबाई लगभग 33 किलोमीटर बढ़ गई है, और बिहार के कई जिलों को सीधे जोड़ने में मदद मिलेगी।

औद्योगिक पार्क और नए अवसर

इस एक्सप्रेस-वे के किनारे चार औद्योगिक पार्क विकसित किए जाने की योजना है। बिहार के उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि राज्य एक लैंड-लॉक्ड राज्य है और इस एक्सप्रेस-वे के जरिए उत्पाद को आसानी से कोलकाता पोर्ट और पड़ोसी राज्यों तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी। चार औद्योगिक पार्कों में से प्रत्येक को निर्यात केंद्र बनाने की योजना है। एक्सप्रेस-वे के माध्यम से कोलकाता पोर्ट तक पहुँचने में केवल 6 घंटे का समय लगेगा, जिससे उद्योगपतियों के लिए उत्पाद वितरण में सुविधा होगी।

जिलों में औद्योगिक पार्क की योजना

नीतीश सरकार और बिहार उद्योग विभाग ने गया, रोहतास, कैमूर और औरंगाबाद जिलों में औद्योगिक पार्क बनाने की योजना बनाई है। इसके लिए संबंधित जिलों में जमीन की पहचान की जा रही है। नए औद्योगिक पार्क न केवल स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देंगे बल्कि रोजगार के अवसर भी उत्पन्न करेंगे। उद्योग विभाग का उद्देश्य है कि इन औद्योगिक पार्कों को निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाया जाए। नई प्रोत्साहन पैकेज नीति के चलते इन जिलों में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए उद्यमियों की रुचि भी बढ़ रही है।

बिहार के लिए महत्व

इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण न केवल यात्रा और कनेक्टिविटी में सुधार लाएगा, बल्कि बिहार को औद्योगिक और आर्थिक दृष्टि से सशक्त बनाएगा। इसके जरिए राज्य के उत्पादों को समय पर बाजार और पोर्ट तक पहुंचाया जा सकेगा, जिससे निर्यात और व्यापार में वृद्धि होगी। बिहार सरकार की यह पहल राज्य को औद्योगिक हब बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यह एक्सप्रेस-वे और औद्योगिक पार्क राज्य के विकास और रोजगार के अवसरों में क्रांतिकारी बदलाव ला सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment