बढ़ती ठंड ने बढ़ाई परेशानी
राज्य में 11 जनवरी को अधिकतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय ठंड के साथ घना कोहरा भी देखने को मिल रहा है, जिससे बच्चों का स्कूल जाना जोखिम भरा माना जा रहा है। इसी कारण जिला प्रशासन ने अलग-अलग जिलों में स्कूलों के संचालन को लेकर सख्त कदम उठाए हैं।
बेगूसराय और आरा में 13 जनवरी तक छुट्टी
बेगूसराय और आरा जिलों में कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 13 जनवरी तक बंद रखने का आदेश दिया गया है। हालांकि, कक्षा 8वीं से ऊपर के छात्रों के लिए आंशिक राहत दी गई है। बेगूसराय में कक्षा 9वीं और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेंगी। आरा में कक्षा 8वीं से ऊपर की पढ़ाई सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगी। इन दोनों जिलों में बोर्ड और प्री-बोर्ड से जुड़ी कक्षाएं और परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगी।
मधेपुरा और सहरसा में 14 जनवरी तक स्कूल बंद
बच्चों की सेहत को प्राथमिकता देते हुए मधेपुरा और सहरसा जिला प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियां 14 जनवरी तक बढ़ा दी हैं। मधेपुरा में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी सरकारी और निजी स्कूल, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 8वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह बंद रहेंगी। सहरसा में भी इसी तरह 14 जनवरी तक कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
पटना में भी बदला स्कूलों का शेड्यूल
राजधानी पटना में भी ठंड और शीतलहर का असर गहराता जा रहा है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। पटना में कक्षा 1 से 5 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल 13 जनवरी तक बंद रहेंगे। इन कक्षाओं के लिए न तो स्कूल खुलेंगे और न ही किसी प्रकार की शैक्षणिक गतिविधि संचालित होगी। वहीं, कक्षा 6 और उससे ऊपर के छात्रों के लिए स्कूल सीमित समय के लिए खुलेंगे। पढ़ाई सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही कराई जाएगी।

0 comments:
Post a Comment