50% महंगाई भत्ता मूल वेतन में जोड़ने की मांग
फेडरेशन ऑफ नेशनल पोस्टल ऑर्गेनाइजेशंस (FNPO) ने आयोग की अध्यक्ष जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई को पत्र लिखकर यह आग्रह किया कि मौजूदा 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते (DA) को सीधे मूल वेतन में शामिल किया जाए। संगठन का कहना है कि इससे कर्मचारियों और रिटायर्ड कर्मियों को तुरंत आर्थिक राहत मिल सकती है।
मांग क्यों उठी?
महंगाई भत्ता मूल रूप से बढ़ती कीमतों के असर को कम करने के लिए दिया जाता है। लेकिन DA अब 50% तक पहुँच चुका है, जिससे कई कर्मचारी महसूस कर रहे हैं कि उनका बेसिक वेतन वर्तमान जीवनयापन की लागत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। FNPO का तर्क है कि पहले भी ऐसे मौके आए हैं जब DA को मूल वेतन में जोड़ा गया था और इससे वेतन ढांचा मजबूत हुआ था।
अंतरिम उपाय का सुझाव
संगठन ने कहा है कि 1 जनवरी 2026 से 50 प्रतिशत DA को मूल वेतन और पेंशन में शामिल किया जाए। चूंकि 8वें वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशें आने में समय ले सकती हैं, यह कदम कर्मचारियों के लिए अस्थायी राहत प्रदान कर सकता है।
क्या होगा फायदा होगा?
DA को मूल वेतन में जोड़ने से सिर्फ महीने की सैलरी ही नहीं बढ़ेगी। हाउस रेंट अलाउंस (HRA), ट्रांसपोर्ट अलाउंस और अन्य भत्तों में भी बढ़ोतरी होगी। पेंशनभोगियों के लिए यह कदम और भी अहम है, क्योंकि पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य रिटायरमेंट लाभ भी मूल वेतन पर आधारित होते हैं। इसका मतलब है कि भविष्य में वित्तीय सुरक्षा मजबूत होगी।
कर्मचारियों की अपेक्षाएँ
मध्यम वर्ग के नौकरीपेशा लोग महसूस कर रहे हैं कि उनकी आमदनी महंगाई के हिसाब से बढ़ नहीं रही। रोजमर्रा की जरूरतें लगातार महंगी होती जा रही हैं, लेकिन वेतन उतनी तेजी से नहीं बढ़ रहा। ऐसे में 8वें वेतन आयोग लाखों परिवारों के लिए सिर्फ औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि राहत की किरण बन गया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है। यदि 50 प्रतिशत DA को मूल वेतन में मर्ज किया गया, तो यह कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए बड़ी आर्थिक राहत साबित होगी।

0 comments:
Post a Comment