बिहार में अपराधियों पर एक्शन, संपत्ति जब्त करने की तैयारी

पटना। बिहार में संगठित अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर के 1434 अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस सूची में बालू, शराब और जमीन माफिया समेत कई आदतन अपराधी शामिल बताए जा रहे हैं। इस कदम को राज्य में अपराध पर नियंत्रण की दिशा में एक सख्त पहल माना जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी 40 जिलों के एसएसपी, एसपी और एसडीपीओ से मिले इनपुट के आधार पर यह सूची तैयार की गई है, जिसमें जिलावार अपराधियों को चिन्हित किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई संगठित अपराध, माफिया नेटवर्क और अवैध कमाई पर सीधा प्रहार करने के लिए की जा रही है।

1434 अपराधी चिह्नित, संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया तेज

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, कुल 1434 अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जिनकी अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इनमें से 428 मामलों में संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव कोर्ट को भेजा जा चुका है। वहीं 103 मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं और अब तक अदालत ने चार अपराधियों की संपत्ति जब्त करने का आदेश भी दे दिया है।

मुजफ्फरपुर, पटना और गया में सबसे ज्यादा मामले

जिलावार आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक अपराधी मुजफ्फरपुर से चिह्नित किए गए हैं, जहां 109 नाम सामने आए हैं। इसके बाद पटना में 105 और गया में 90 अपराधियों की पहचान की गई है। इसके अलावा नालंदा, मोतिहारी, नवादा, पूर्णिया, बेगूसराय, सारण और बेतिया जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में अपराधी सूची में शामिल हैं।

0 comments:

Post a Comment