यूपी सरकार ने दिया तोहफा, कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार पांचवें और छठवें वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों को अब बढ़ी हुई दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। इस फैसले से हजारों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।

किस वेतनमान में कितना बढ़ा डीए?

राज्य सरकार के आदेश के अनुसार छठवें वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं पांचवें वेतनमान में काम कर रहे कर्मचारियों का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत कर दिया गया है। इस बढ़ोतरी का लाभ उन कर्मचारियों को मिलेगा जिनके वेतनमान अभी तक संशोधित नहीं हुए हैं और वे पुराने वेतन ढांचे में कार्यरत हैं।

किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?

सरकार के इस फैसले का लाभ राज्य कर्मचारियों के अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों, शहरी निकायों और कार्यप्रभारित कर्मचारियों को भी मिलेगा। इसके साथ ही यूजीसी वेतनमान में कार्यरत ऐसे पदधारकों को भी इसका फायदा दिया जाएगा, जिनका वेतन जनवरी 2016 के बाद संशोधित नहीं हुआ है।

एरियर भुगतान को लेकर भी व्यवस्था

सरकार ने डीए बढ़ोतरी के साथ एरियर भुगतान को लेकर भी विस्तृत व्यवस्था तय की है। जनवरी से अप्रैल तक की बकाया राशि कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते में जमा की जाएगी। जो कर्मचारी भविष्य निधि योजना के सदस्य नहीं हैं, उनकी राशि पीपीएफ खाते या राष्ट्रीय बचत पत्र के रूप में दी जाएगी। वहीं राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली से जुड़े कर्मचारियों के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी राहत

सरकार ने उन कर्मचारियों के लिए भी राहत की व्यवस्था की है जो जल्द सेवानिवृत्त होने वाले हैं या जिनकी सेवा समाप्त हो चुकी है। ऐसे कर्मचारियों को एरियर की पूरी राशि नकद रूप में देने का फैसला किया गया है। इसके अलावा अखिल भारतीय सेवाओं के पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनर्स को भी बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment