किसे कितना मिलेगा राशन?
अंत्योदय कार्डधारकों को हर महीने की तरह इस बार भी कुल 35 किलो मुफ्त राशन दिया जाएगा। इसमें 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल शामिल रहेगा। वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल उपलब्ध कराया जाएगा। राशन वितरण सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से राशन प्राप्त कर सकें।
पोर्टेबिलिटी सुविधा से सहूलियत
सरकार ने राशन लेने वालों को अतिरिक्त सुविधा देते हुए पोर्टेबिलिटी व्यवस्था जारी रखी है। इसका मतलब है कि लाभार्थी किसी भी उचित दर दुकान से अपना राशन ले सकते हैं। यदि कोई व्यक्ति अपने क्षेत्र से बाहर है, तब भी वह दूसरी दुकान से राशन प्राप्त कर सकता है। इससे प्रवासी मजदूरों और दूसरे स्थानों पर रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।
नई तकनीक से होगा सत्यापन
राशन वितरण प्रक्रिया को और मजबूत बनाने के लिए अब ई-पॉश मशीनों के साथ आईरिस स्कैनर भी जोड़े गए हैं। पहले केवल अंगूठे के निशान के जरिए सत्यापन किया जाता था, लेकिन अब आंखों की पहचान यानी आईरिस स्कैनिंग की सुविधा भी शुरू की गई है। विभाग ने कोटेदारों को निर्देश दिया है कि वे लाभार्थियों का आईरिस आधारित सत्यापन भी सुनिश्चित करें, ताकि फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके।
शिकायत के लिए जारी हेल्पलाइन
राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी या शिकायत होने पर लाभार्थी टोल फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इससे राशन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

0 comments:
Post a Comment