बिहार में टेक्नोलॉजी क्रांति! 10 कॉलेजों में शुरू होगी AI की पढ़ाई

पटना। बिहार में तकनीकी शिक्षा को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब राज्य के 10 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मैथेमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग की पढ़ाई शुरू की जाएगी। 

अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) से मंजूरी मिलने के बाद इसकी तैयारी तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, नए कोर्स की शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2026-27 से होगी। हर कॉलेज में 60 सीटों पर नामांकन लिया जाएगा। यह कोर्स बीटेक स्तर पर कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा के अंतर्गत संचालित होगा।

इन कॉलेजों में शुरू होगी पढ़ाई

राज्य के जिन इंजीनियरिंग कॉलेजों में AI और मैथेमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग कोर्स शुरू होंगे, उनमें बख्तियारपुर, मुजफ्फरपुर, गया, छपरा, सुपौल, दरभंगा, मुंगेर, पूर्णिया, भागलपुर और वैशाली इंजीनियरिंग कॉलेज शामिल हैं।

मिलेगा आधुनिक टेक्नोलॉजी

इन कोर्सों के जरिए छात्रों को डेटा साइंस, मशीन लर्निंग, एल्गोरिद्म डिजाइन, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई कराई जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे छात्रों को भविष्य की तकनीकी जरूरतों के हिसाब से तैयार किया जा सकेगा।

बढ़ रही है कंप्यूटर साइंस की मांग

विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अनुसार, कंप्यूटर साइंस और उससे जुड़ी शाखाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि अब AI जैसे आधुनिक कोर्स सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में भी शुरू किए जा रहे हैं। इसके लिए नए शिक्षकों की नियुक्ति और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था भी की जाएगी। सरकार को उम्मीद है कि इन नए कोर्सों से बिहार के छात्रों को राज्य में ही बेहतर तकनीकी शिक्षा और करियर के नए अवसर मिल सकेंगे।

0 comments:

Post a Comment