बिहार सरकार का फैसला, सचिवालय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार सरकार ने सचिवालय कर्मचारियों की सुविधा और शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए नई पहल की है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से 18 मई 2026 से विशेष इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा शुरू की जाएगी। इस फैसले से हजारों सरकारी कर्मचारियों को रोजाना आने-जाने में राहत मिलने की उम्मीद है।

परिवहन विभाग के अनुसार, इस सेवा का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना और निजी वाहनों पर निर्भरता कम करना है। सरकार का मानना है कि बड़ी संख्या में कर्मचारी यदि बस सेवा का उपयोग करेंगे तो पेट्रोल-डीजल की खपत में कमी आएगी और ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी।

पटना के कई इलाकों से मिलेगी सीधी सुविधा

नई इलेक्ट्रिक और पिंक बस सेवा पटना के अलग-अलग इलाकों से सीधे नया और पुराना सचिवालय तक चलाई जाएगी। सुबह ऑफिस समय में कर्मचारियों के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी, जबकि शाम को वापसी सेवा भी दी जाएगी। यह बसें पटना जंक्शन, दानापुर स्टेशन, गांधी मैदान, कुर्जी और धनुकी मोड़ जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेंगी। कई रूटों पर महिला कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक बस सेवा भी शुरू की जा रही है।

इलेक्ट्रिक बसों से होगा ईंधन की बचत

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अनुसार, अभी पटना में 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। अब इन्हीं बसों का उपयोग सचिवालय कर्मचारियों के लिए भी किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे निजी कार और बाइक के इस्तेमाल में कमी आएगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को भी बढ़ावा मिलेगा।

ट्रैफिक और प्रदूषण कम करने की कोशिश

सरकार का मानना है कि पटना में लगातार बढ़ते वाहनों की वजह से जाम और प्रदूषण की समस्या बढ़ रही है। ऐसे में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना जरूरी हो गया है। नई बस सेवा शुरू होने के बाद सचिवालय आने-जाने वाले कर्मचारियों को सस्ती, सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुविधा मिल सकेगी। इससे आम लोगों को भी बेहतर परिवहन व्यवस्था का फायदा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment