15 मई से 30 जून तक विशेष शिविर
ऊर्जा विभाग की ओर से 15 मई से 30 जून तक प्रदेशभर में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव ऊर्जा डॉ. आशीष कुमार गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों का संचालन प्रभावी तरीके से किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
एक ही जगह पर मिलेगा पूरा समाधान
सरकार की योजना के तहत विद्युत उपकेंद्रों पर उपभोक्ताओं को कई सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों में बिजली बिल जमा करने, बिल संशोधन कराने, नया बिजली कनेक्शन लेने, बिजली लोड बढ़वाने, मीटर बदलवाने और अन्य वाणिज्यिक समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इन शिविरों में अधिशासी अभियंता समेत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे ताकि शिकायतों का तुरंत निस्तारण हो सके।
स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी सुविधा
स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर भी सरकार ने राहत दी है। अब उपभोक्ता चाहें तो अपने कनेक्शन को पोस्टपेड मोड में बदलवा सकेंगे। इसके अलावा स्मार्ट मीटर से जुड़े बिलों की शिकायतों का भी तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं वहां विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे ताकि उपभोक्ताओं को तकनीकी समस्याओं से राहत मिल सके।
बकाया बिल वालों से भी संपर्क करेगी विभाग
सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन बिल बकाया होने के कारण कट चुके हैं, उनसे संपर्क कर बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए। इसके साथ ही उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट करने का काम भी शिविरों के दौरान किया जाएगा ताकि भविष्य में बिजली संबंधी जानकारी सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच सके।

0 comments:
Post a Comment