बिहार में उड़ान क्रांति! इन 4 शहरों में शुरू होंगे नए एयरपोर्ट

पटना। बिहार में आने वाले वर्षों में हवाई यात्रा की तस्वीर तेजी से बदलने वाली है। राज्य सरकार अब एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने को लेकर बड़े स्तर पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संकेत दिए हैं कि अगले पांच साल में बिहार में हवाई सेवाओं का विस्तार कई गुना बढ़ाया जाएगा, ताकि आम लोगों को भी आसानी से उड़ान सुविधा मिल सके।

दरअसल बिहार सरकार की योजना राज्य के अलग-अलग हिस्सों में नए एयरपोर्ट, एयर स्ट्रिप और हेलीपोर्ट विकसित करने की है। इसका मकसद सिर्फ यात्रा को आसान बनाना नहीं, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा देना है।

छोटे शहरों को भी मिलेगा हवाई नेटवर्क

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले बिहार में हवाई यात्रा करने वालों की संख्या काफी कम थी, लेकिन अब इसमें तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसी को देखते हुए सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। आने वाले समय में करोड़ों यात्रियों को हवाई सेवा से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

राज्य के मुजफ्फरपुर, रक्सौल, सहरसा और वीरपुर में नए एयरपोर्ट विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन परियोजनाओं के लिए टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। इसके अलावा पूर्णिया एयरपोर्ट से सेवाएं शुरू होने के बाद सीमांचल क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिली है। अब सरकार की नजर भागलपुर, बेगूसराय, मुंगेर और अजगैबीनाथ जैसे शहरों पर भी है, जहां हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा फायदा

बेहतर एयर कनेक्टिविटी से बिहार में निवेश बढ़ सकता है। छोटे शहरों तक हवाई सुविधा पहुंचने से उद्योग, मेडिकल सुविधाएं और पर्यटन को नई ताकत मिलेगी। खासकर सीमावर्ती इलाकों में एयरपोर्ट बनने से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा बिहार से बाहर काम करने वाले लाखों लोगों के लिए घर तक पहुंचना आसान हो जाएगा। अभी कई जिलों के लोगों को हवाई यात्रा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

0 comments:

Post a Comment