गर्डर बदलने के काम के कारण था ब्लॉक
रेलवे ने 2 अप्रैल से कानपुर में डाउन लाइन पर गंगा नदी के पुल के गर्डर बदलने का काम शुरू किया था। इस कारण सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक इस रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद था। इसके चलते कई प्रमुख ट्रेनें या तो रद्द हो रही थीं या फिर बदले हुए मार्ग से चल रही थीं।
यात्रियों को हो रही थी भारी परेशानी
इस ब्लॉक के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। शताब्दी एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें मुरादाबाद के रास्ते चलाई जा रही थीं, जिससे यात्रा समय में लगभग दो घंटे की देरी हो रही थी। वहीं लखनऊ-झांसी इंटरसिटी जैसी कई ट्रेनें बीच रास्ते में ही निरस्त करनी पड़ रही थीं।
14 मई से फिर सामान्य होगा संचालन
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्डर लांचिंग का काम तय समय पर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 13 मई तक चल रहा ब्लॉक समाप्त कर दिया जाएगा और 14 मई से कानपुर-लखनऊ रेलखंड पर ट्रेनों की आवाजाही सामान्य कर दी जाएगी।
प्रमुख ट्रेनें फिर से चलेंगी अपने पुराने रूट पर
बहाली के बाद शताब्दी एक्सप्रेस, एलटीटी-लखनऊ एसी एक्सप्रेस, गरीब रथ सहित कई ट्रेनें फिर से कानपुर होकर लखनऊ आएंगी। इससे यात्रियों को समय पर और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
रेलवे ने किया समय पर काम पूरा करने का लक्ष्य
रेलवे अधिकारियों और इंजीनियरिंग टीम ने इस परियोजना की लगातार निगरानी की। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया गया ताकि काम समय पर पूरा हो सके। रेलवे बोर्ड स्तर तक इस कार्य की मॉनिटरिंग की जा रही थी। अब ट्रेनों के संचालन के सामान्य होने से न केवल रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि गर्मी के सीजन में बढ़ने वाली भीड़ के बीच अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन में भी आसानी होगी।

0 comments:
Post a Comment