पीएम मोदी की देशवासियों से 6 बड़ी अपील, हर नागरिक के लिए अहम संदेश

नई दिल्ली।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक जनसभा के दौरान देशवासियों से कई महत्वपूर्ण अपीलें कीं। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय आर्थिक चुनौतियों, महंगाई और अंतरराष्ट्रीय तनावों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में सिर्फ सरकार के प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी बेहद अहम हो जाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभक्ति केवल सेना तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में देशहित को प्राथमिकता देना भी राष्ट्रसेवा का ही एक रूप है। उन्होंने ऊर्जा बचत, स्वदेशी अपनाने और संसाधनों के समझदारी से उपयोग पर जोर दिया।

1. ईंधन बचाएं, पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाएं

प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती खपत को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लोगों से जहां संभव हो वहां मेट्रो, बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की। इसके अलावा कार-पूलिंग को बढ़ावा देने की बात कही, ताकि ईंधन की बचत हो सके। उन्होंने माल ढुलाई में रेलवे को प्राथमिकता देने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने पर भी जोर दिया।

2. विदेशी मुद्रा बचाने की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि गैर-जरूरी विदेश यात्राओं और विदेश में शादियों पर होने वाले खर्च से देश की विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ता है। उन्होंने लोगों से 'वेड इन इंडिया' और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही कम से कम एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी टालने की सलाह दी, ताकि आयात खर्च कम हो सके।

3. स्वदेशी उत्पादों को दें प्राथमिकता

पीएम मोदी ने लोगों से रोजमर्रा की जिंदगी में 'मेड इन इंडिया' उत्पादों का उपयोग बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जूते, बैग, कपड़े और अन्य घरेलू सामान में स्वदेशी उत्पाद अपनाने से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

4. ऑनलाइन कामकाज और ईंधन बचत पर जोर

प्रधानमंत्री ने कोविड काल के दौरान अपनाई गई अच्छी आदतों को जारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वर्चुअल कॉन्फ्रेंस जैसी व्यवस्थाओं से समय और ईंधन दोनों की बचत होती है। इससे ट्रैफिक और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।

5. किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह

किसानों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री ने रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेती में डीजल पंप की जगह सोलर पंप का उपयोग बढ़ाना चाहिए। इससे किसानों की लागत कम होगी और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

6 .सेहत और बचत दोनों पर जोर देने की अपील 

प्रधानमंत्री ने खाने के तेल की खपत कम करने की सलाह भी दी। उनका कहना था कि इससे न केवल आयात खर्च कम होगा, बल्कि लोगों की सेहत भी बेहतर रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके देश की आर्थिक मजबूती में योगदान दिया जा सकता है।

सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में साफ कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में देश को मजबूत बनाने के लिए हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उनका मानना है कि यदि लोग ऊर्जा बचत, स्वदेशी अपनाने और संसाधनों का जिम्मेदारी से उपयोग करने की दिशा में कदम बढ़ाते हैं, तो भारत आर्थिक चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकेगा।

0 comments:

Post a Comment