खुशखबरी पर खुशखबरी! बिहार में फिर आई बंपर भर्ती, पूर्व सैनिकों के लिए बड़ा मौका

पटना। बिहार में नौकरी की तलाश कर रहे पूर्व सैनिकों और सेवानिवृत्त अर्द्धसैनिक बलों के जवानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बिहार पुलिस में 15,821 पदों पर विशेष सहायक पुलिस (SAP) की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। 

इस भर्ती की खास बात यह है कि पहली बार केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों से रिटायर जवानों को भी आवेदन का मौका दिया गया है। बिहार पुलिस मुख्यालय ने भर्ती प्रक्रिया को लेकर विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। भर्ती के लिए दानापुर कैंट स्थित सेना रोजगार कल्याण संगठन को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

1 जून से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

भर्ती के लिए प्रमंडलवार रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली 1 जून से 6 जून तक दानापुर कैंट में आयोजित होगी। सुबह 6:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाली इस प्रक्रिया में इच्छुक अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। पुलिस मुख्यालय के अनुसार इसके बाद हर महीने के पहले सप्ताह में भी वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे, ताकि योग्य उम्मीदवारों को लगातार मौका मिल सके।

बिहार का निवासी जरूरी

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी का बिहार का स्थायी निवासी होना अनिवार्य रखा गया है। उम्मीदवारों को संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा जारी आवासीय प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। सरकार ने भर्ती में आरक्षण नियमों को भी लागू करने की बात कही है। अलग-अलग वर्गों के लिए पदों का आरक्षण तय किया गया है।

कितने पदों पर होगी भर्ती

बिहार पुलिस मुख्यालय के अनुसार कुल 15,821 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 148 पद जेसीओ के लिए, 15,135 पद SAP जवानों के लिए, 538 पद रसोइया के लिए निर्धारित किए गए हैं।

कितना मिलेगा वेतन

चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक मानदेय दिया जाएगा। जेसीओ को 35 हजार रुपये प्रतिमाह, SAP जवानों को 30 हजार रुपये प्रतिमाह, रसोइया को 25 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अलावा वर्दी, यात्रा भत्ता और अन्य सुविधाएं भी बिहार पुलिस के जवानों के समान उपलब्ध कराई जाएंगी।

0 comments:

Post a Comment