19 जिलों में आंधी-पानी का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि उत्तर बिहार के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिल सकती है। इन इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
मौसम के पीछे क्या हैं कारण
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही मध्य और ऊपरी वायुमंडल में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में अस्थिरता देखी जा रही है। यही वजह है कि बिहार में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव
राज्य के दक्षिणी जिलों जैसे कैमूर, रोहतास, बक्सर, औरंगाबाद और गया में अगले कुछ दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। वहीं रविवार को कई जिलों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि भभुआ में 38.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई।
प्री-मानसून में रिकॉर्ड बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। पूर्णिया के जलालगढ़ में 35 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। खास बात यह है कि प्री-मानसून सीजन में अब तक सामान्य से लगभग 193 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो मौसम के असामान्य व्यवहार को दर्शाता है।

0 comments:
Post a Comment