बिहार के नए स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार कितने पढ़े-लिखे हैं? जानकर चौंक जाएंगे आप

पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा निशांत कुमार की हो रही है। लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखने वाले निशांत अब सक्रिय राजनीति में पूरी तरह उतर चुके हैं। हाल ही में उन्हें बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी मिलने के बाद लोगों की दिलचस्पी उनके राजनीतिक सफर के साथ-साथ उनकी पढ़ाई और निजी जीवन को लेकर भी बढ़ गई है।

पढ़ाई-लिखाई में हमेशा रहे आगे

निशांत कुमार की शुरुआती पढ़ाई पटना के नामी स्कूल सेंट कैरेंस से हुई। इसके बाद उन्हें आगे की शिक्षा के लिए मसूरी के मानव भारती इंटरनेशनल स्कूल भेजा गया। स्कूलिंग पूरी करने के बाद उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में गिने जाने वाले Birla Institute of Technology Mesra से सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में भी काम किया।

राजनीति से लंबे समय तक बनाई दूरी

हालांकि वे बिहार के बड़े राजनीतिक परिवार से आते हैं, लेकिन उन्होंने लंबे समय तक राजनीति से दूरी बनाए रखी। बताया जाता है कि उनकी रुचि आध्यात्मिक जीवन और निजी जिंदगी में ज्यादा थी। मां मंजू सिन्हा के निधन के बाद उनका स्वभाव और भी शांत हो गया था। वे सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया से लगभग दूर ही रहते थे। करीबी लोगों के मुताबिक निशांत बेहद सादगी पसंद हैं और दिखावे से दूर रहना पसंद करते हैं।

8 मार्च 2026 से बदली सियासी तस्वीर

राजनीतिक गलियारों में बड़ा बदलाव तब देखने को मिला जब निशांत कुमार ने 8 मार्च 2026 को औपचारिक रूप से जेडीयू का दामन थाम लिया। इसके बाद वे लगातार जिलों का दौरा करने लगे और पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुट गए। कार्यकर्ताओं के बीच उनका शांत व्यवहार और सादगी चर्चा का विषय बन गया। 

स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद बढ़ी जिम्मेदारी

अब बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद निशांत के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। मंत्री पद संभालने के बाद उन्होंने कहा कि वे पहले विभाग को समझेंगे और सीखेंगे, उसके बाद फैसले लेंगे। उनकी एंट्री से जेडीयू कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है और पार्टी के भीतर भी उन्हें भविष्य के बड़े चेहरे के तौर पर देखा जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment