यूपी राजनीति में बड़ा फेरबदल, योगी सरकार में 6 नए मंत्री शामिल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यना सरकार में बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिला है। योगी सरकार 2.0 के दूसरे मंत्रिमंडल विस्तार में 8 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राजधानी लखनऊ स्थित जन भवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

भूपेन्द्र चौधरी और मनोज कुमार पाण्डेय को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वहीं डॉ. सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार का दर्जा मिला। इसके अलावा कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा को राज्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश

इस विस्तार में भाजपा ने पिछड़ा, दलित और सवर्ण वर्ग के साथ क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की है। वाराणसी से हंसराज विश्वकर्मा, फतेहपुर से कृष्णा पासवान, अलीगढ़ से सुरेंद्र दिलेर और कन्नौज से कैलाश सिंह राजपूत को शामिल कर अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

मनोज पाण्डेय की एंट्री पर चर्चा तेज

रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज कुमार पाण्डेय की मंत्री पद पर एंट्री सबसे ज्यादा चर्चा में रही। समाजवादी पार्टी से अलग होने के बाद उनका भाजपा सरकार में शामिल होना बड़ा राजनीतिक संदेश माना जा रहा है।

दो साल बाद हुआ विस्तार

योगी सरकार 2.0 का पहला विस्तार मार्च 2024 में हुआ था। अब दो साल बाद हुए इस विस्तार में भाजपा ने आगामी चुनावी रणनीति और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए चेहरों को मौका दिया है। फिलहाल योगी सरकार में मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों समेत कुल 54 मंत्री हो गए हैं, जबकि संवैधानिक रूप से अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment